कांग्रेस में शामिल हुए नवजोत सिंह सिद्धू
(India)
पूर्व क्रिकेटर और पूर्व भाजपा नेता नवजोत सिंह सिद्धू आखिरकार रविवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। हालांकि यह कार्यक्रम काफी गुप्त रखा गया और इस मौके पर पंजाब कांग्रेस का कोई नेता मौजूद नहीं था। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में नवजोत सिंह सिद्धू पार्टी में शामिल हुए। सिद्धू की पत्नी पहले ही कांग्रेस में शामिल हो चुकी हैं। कांग्रेस में शामिल होने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि फ्रंट फुट पर नई पारी की शुरुआत है। पंजाब, पंजाबियत और हर पंजाबी को जीतना होगा। अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने यह जानकारी दी। सिद्धू की यहां कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के साथ उनके आवास पर बैठक हुई और इसके कुछ समय बाद ही वह कांग्रेस में शामिल हुए। उन्होंने कहा, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस नवजोत सिंह सिद्धू का कांग्रेस परिवार में स्वागत करती है और हम कांग्रेस के छत्र के तले समान विचारधारा वाले लोगों को एक साझा मंच पर लाने के कांग्रेस उपाध्यक्ष की दूरदृष्टि के लिए उन्हें धन्यवाद देते हैं। पार्टी के टिवटर हैंडल पर लिखे पोस्ट में अपने बयान में उन्होंने कहा, सीधी सपाट बात करने और हास्य विनोद के साथ राष्ट्रवाद के लिए विचारधारात्मक प्रतिबद्धता के लिए जाने पहचाने जाने वाले सिद्धू के पार्टी में आने से निश्चित तौर पर पंजाब एवं अन्यत्र कांग्रेस पार्टी को काफी मजबूजी मिलेगी ।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।