‘विजयी’ अखिलेश अब करेंगे कांग्रेस से गठबंधन!
(India)
चुनाव आयोग के फैसले से मुख्यमंत्री अखिलेश पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मान लिए गए और साइकिल की जंग वह जीत गए। अब पार्टी कांग्रेस और दूसरे छोटे दलों के साथ गठबंधन की राह पर निकल पड़े हैं। इससे पहले सीएम ने अपने पिता मुलायम सिंह के आवास पर जाकर लंबी मुलाकात की। विधानसभा चुनाव का पहला चरण के लिए नामांकन काम मंगलवार से शुरू हो रहा है। अखिलेश खेमे के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि समय पहले काफी निकल चुका है। हम लोगों को साइकिल मिलने का पूरा भरोसा था। अब जल्द प्रत्याशी घोषित हो जाएंगे। चुनाव प्रचार के लिए मुख्यमंत्री अखिलेश और कांग्रेस के बड़े नेता प्रचार के लिए निकलेंगे। साइकिल सिंबल अखिलेश के हाथ में चले जाने के बाद मुलायम खेमे के शिवपाल यादव, गायत्री प्रजापति ओम प्रकाश सिंह, शादाब फातिमा, आशु मलिक, नारद राय, अंबिका चैधरी और उनके समर्थक डेढ़ दर्जन विधायकों के सामने अजीबोगरीब हालत पैदा हो गए हैं। केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा के बेटे राकेश वर्मा को अखिलेश समर्थक मंत्री अरविंद सिंह गोप का टिकट काट कर दिया गया था। अब राकेश को साइकिल और सपा के बिना ही जूझना पड़ेगा। लखनऊ कैंट से सपा की घोषित प्रत्याशी और मुलायम की बहू अपर्णा यादव के लिए अब खुद को सपा प्रत्याशी घोषित करवाना होगा। क्योंकि अखिलेश यादव ने लखनऊ कैंट सीट पर उनका नाम अपनी सूची में नहीं रखा है, और गठजोड़ होने पर कांग्रेस अपनी जीती सीट नहीं छोड़ेगी। गायत्री प्रजापति अमेठी से चुनाव जीते थे। अब कांग्रेस से गठजोड़ होने पर उनकी सीट पर खतरा है। इन सबके लिए दो ही सूरत हैं या तो सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश उनको टिकट दे दें नहीं तो उन्हें दूसरी पार्टी से ही चुनाव लड़ना होगा।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।