भाजपा-शिवसेना गठबंधन में दरार बढ़ी
(India)
महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना गठबंधन में दरार बढ़ती जा रही है। राज्य में निकाय चुनावों में शिवसेना के अकेले खड़े होने के ऐलान के एक दिन बाद शुक्रवार को सर्कुलर के मुद्दे पर दोनों राजनीतिक दल आमने सामने आ गए। एक मंत्री ने कहा, हमारे इस्तीफे जेब में रखे हैं। बस, उद्धव ठाकरे के निर्देश का इंतजार है। बता दें कि राज्य सरकार ने हाल ही में सभी सरकारी कार्यालयों से धार्मिक तस्वीरों को हटाने का निर्देश देते हुए एक सर्कुलर जारी किया था। शिवसेना इसे रद्द करने की मांग कर रही है। शिवसेना के मंत्रियों ने शुक्रवार को इस संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात भी की। मुलाकात के बाद शिवसेना के मंत्री रामदास कदम ने कहा कि वह और उनकी पार्टी के अन्य सहयोगी मंत्री इस्तीफा अपनी जेब में लेकर घूम रहे हैं। पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे जब भी कहेंगे, वह मंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने कहा कि फडणवीस ने संसद के बजट सत्र से पहले सांसदों की जो सर्वदलीय बैठक बुलाई है, वे उसका भी बहिष्कार करेंगे। हालांकि, कदम ने दावा किया कि मुख्यमंत्री इस निर्देश को रद्द करने पर राजी हो गए हैं। कदम ने बताया, मुख्यमंत्री ने सहमति दी है कि वे इस निर्देश को रद्द कर देंगे। साथ ही, इस निर्देश के लिए जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बहरहाल, उन्होंने एनडीए सरकार में कनिष्ठ साझेदार के तौर पर साझेदारी को बनाए रखने संबंधी सवाल को टाल दिया।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।