शशिकला ने पनीरसेल्वम को पार्टी से निकाला
(India)
सुप्रीम कोर्ट द्वारा अन्नाद्रमुक महासचिव वीके शशिकला को चार साल की सजा सुनाने के बाद पार्टी ने शशिकला के करीबी ई पलानीसामी को विधायक दल का नया नेता चुना है। साथ ही तमिलनाडु के कार्यवाहक मुख्यमंत्री ओ पनीरसेल्वम को पार्टी ने निकाल दिया गया है। बीजेपी नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने अन्नाद्रमुक महासचिव वी के शशिकला और अन्य को आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपति के मामले में दोषी करार देने वाले सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि 20 साल लंबे इंतजार का फल मिला है और इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि किस दल ने भ्रष्टाचार किया है, अदालत कड़ा रूख अपनाएगी। जनता पार्टी के तत्कालीन प्रमुख के रूप में इस संबंध में 1996 में पहली शिकायत दर्ज कराने वाले स्वामी ने कहा, हम इसके लिए 20 साल लड़े हैं। सुप्रीम कोर्ट द्वारा वी के शशिकला को दोषी ठहराए जाने के कुछ ही मिनटों बाद अन्नाद्रमुक ने पार्टी महासचिव का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा जयललिता का बोझ अपने ऊपर उठाया है। आपको बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने आय के ज्ञात स्रोत से अधिक संपत्ति रखने के मामले में शशिकला को आज दोषी करार दिया। न्यायालय ने 19 साल पुराने मुकदमे में उन्हें बरी करने वाले कनार्टक हाई कोर्ट के फैसले को दरकिनार कर दिया। इस मामले में दिवंगत मुख्यमंत्री जे जयललिता भी आरोपी थीं। द्रमुक के कार्यकारी अध्यक्ष एमके स्टालिन ने वीके शशिकला को दोषी करार देने वाले सुप्रीम कोर्ट के फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए राज्यपाल सीएच विद्यासागर राव से अनुरोध किया कि वह तमिलनाडु में स्थिर सरकार बनाने की दिशा में कदम उठाएं। स्टालिन ने कहा, लंबे समय के बाद न्याय हुआ है, करीब दो दशक के बाद। यह ऐतिहासिक फैसला है। उन्होंने कहा कि यह फैसला दिखाता है कि नेताओं को सार्वजनिक जीवन में कैसा होना चाहिए।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।