अफगानिस्तान में अफीम की खेती के लिए मशहूर हेलमंद प्रांत का बड़ा हिस्सा अब तालिबान के कब्जे में है। तालिबान के प्रवक्ता कारी युसूफ अहमदी ने बताया कि तालिबान आतंकियों ने पुलिस मुख्यालय और सैन्य अड्डे पर बुधवार रात कब्जा कर लिया है। आतंकियों ने जिस जिले पर कब्जा किया है वहां अब अफगान सेना नहीं रहती है। इस वजह से ये स्थान खाली पड़े थे।
प्रांतीय सरकार के प्रवक्ता उमर जवाक ने कहा कि सुरक्षा बल नागरिकों को हताहत होने से बचाने और सामरिक दृष्टिकोण से जिले से तीन किमी दूर हो गए थे। आपको बता दें कि हाल में यहां हुए हमले में करीब 100 अफगान जवानों की मौत हुई है। इसके अलावा गुरुवार को ही अफगानिस्तान के कुंदुज प्रांत में तालिबान आतंकियों ने नौ पुलिस कर्मियों को गोलियों से भून डाला। सभी की मौके पर ही मौत हो गई।
हेलमंद प्रांत तालिबान का एक प्रमुख केंद्र रहा है। पाकिस्तान से नज़दीकी सामरिक रूप से इसे और महत्वपूर्ण बना देती है। नॉर्थ अटलांटिक ट्रीटी ऑर्गनाइज़ेशन (नाटो) की फौज जब अफगानिस्तान में तैनात थी हेलमंद में उसके साथ तालिबान लड़ाकों की ज़बरदस्त लड़ाई हुई थी। 2001 से 2015 के बीच अमेरिका के 456 जवान अफगानिस्तान में मारे गए हैं जिसमें 100 से ज्यादा संगिन या उसके पास हुई लड़ाई में खेत रहे।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।