सोनिया-नीतीश भेंट राष्ट्रपति चुनाव के बहाने महागठबंधन की कवायद
(BIHAR, BIHAR) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि इस बैठक में दोनों के बीच राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार को लेकर भी चर्चा हुई। विपक्ष द्वारा राष्ट्रपति पद के लिए एक ही उम्मीदवार खड़ा करने पर बातचीत हुई।

जेडीयू प्रवक्ता केसी त्यागी ने बताया कि हमारी पार्टी विपक्ष की एकजुटता की पक्षधर है। उन्होंने कहा जेडीयू का मानना है कि विपक्ष को मिलकर एक राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार की घोषणा करनी चाहिए। विपक्ष की सबसे वरिष्ठ नेता होने की वजह से सोनिया गांधी को आगे आकर राजनैतिक दलों से बातचीत करनी चाहिए।

केसी त्यागी ने आगे बताया कि नीतीश कुमार ने इस संबंध में एनसीपी और लेफ्ट पार्टियों से भी चर्चा की है। सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ पर तकरीबन आधे घंटे तक हुई दोनों के बीच मुलाकात को बेहतर रणनीति और समन्वय के लिए हुई बैठक बताया गया है।

एक अन्य जेडीयू नेता ने नीतीश कुमार और सोनिया गांधी की मुलाकात को औपचारिक बताया है। उन्होंने कहा कि बिहार में कांग्रेस जेडीयू की सहयोगी है और पिछले कुछ दिनों से सोनिया गांधी की तबीयत भी खराब थी। इस वजह से यह मुलाकात हुई। वहीं सूत्रों का कहना है कि सोनिया गांधी और नीतीश कुमार के बीच हुई इस मुलाकात में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।