आज अयोध्या में रामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला का दर्शन करेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को लगभग पूरा दिन अयोध्या-फैजाबाद में बिताएंगे। इस दौरान वह अयोध्या में रामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला का दर्शन भी करेंगे। मुख्यमंत्री के रूप में उनके इस प्रस्तावित दर्शन कार्यक्रम से राजनीतिक निहितार्थ भी निकाले जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के दौरे पर जिले में जबरदस्त सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। होटलों-धर्मशालाओं की तलाशी के साथ ही अयोध्या-फैजाबाद के बस व रेलवे स्टेशनों पर भी चेकिंग की जा रही है। मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी कार्यक्रम के अनुसार योगी आदित्यनाथ अयोध्या-फैजाबाद में करीब आठ घंटे का समय व्यतीत करेंगे। वह लखनऊ में अपने सरकारी आवास से सुबह 8.15 बजे निकलकर स्टेट प्लेन से फैजाबाद हवाई पट्टी पर सुबह 8.55 बजे पहुंचेंगे। उनकी लखनऊ वापसी शाम 5.35 बजे होगी।
फैजाबाद हवाई पट्टी पर उतरकर मुख्यमंत्री सीधे हनुमानगढ़ी दर्शन के लिए जाएंगे। फिर वहां से वह रामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला का दर्शन करने जाएंगे। इसके बाद वह पावन सलिला सरयू का दर्शन करेंगे और वहीं राम की पैड़ी का निरीक्षण भी करेंगे। निरीक्षणक के बाद मुख्यमंत्री का काफिला वापस सुबह 11 बजे फैजाबाद वापस आएगा, जहां डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के प्रेक्षागृह में वह संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में शामिल होंगे।

बुधवार को दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री अवध विश्वविद्यालय के सभागार में ही फैजाबाद मंडल में चल रहे विकास कार्यक्रमों की प्रगति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति समीक्षा जिला व मंडलीय अफसरों के साथ करेंगे। करीब ढाई घंटे की समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री दोबारा अयोध्या पहुंचकर दिगम्बर अखाड़े में एक घंटा व्यतीत करेंगे। यह समय उनका रिजर्व रखा गया है। बताया गया कि मुख्यमंत्री का भोजन एवं विश्रम भी दिगम्बर अखाड़े में ही होगा। करीब दोपहर 3.30 बजे मुख्यमंत्री का काफिला दिगम्बर अखाड़े से निकलकर दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय परिसर की ओर बढ़ेगा, जहां वह चिकित्सालय परिसर में श्रीरामजन्मभूमि न्यास अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास के 79 वें जन्मोत्सव समारोह पर आयोजित आठ दिवसीय कार्यक्रम का शुभारम्भ करेंगे।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।