गुजरात विधानसभा चुनाव में नहीं उतरेगी आप!
(India)
पीएम नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। हालांकि हो सकता है यहां मोदी-केजरीवाल के बीच टक्कर देखने को ना मिल पाए। दरअसल आम आदमी पार्टी गुजरात में चुनाव लड़ने के फैसले पर पुन विचार कर रही है। गोवा व पंजाब के विधानसभा चुनाव और फिर दिल्ली के एमसीडी चुनावों में खराब प्रदर्शन करने के बाद गुजरात में चुनाव लड़ने को लेकर आम आदमी पार्टी विभाजित हो गई है। राज्य के प्रतिनिधित्वों के साथ दो दिन की ताबड़तोड़ मीटिंग के बाद भी पार्टी में एक राय नहीं बन पाई और पार्टी लीडरशिप किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। पार्टी की सबसे पावरफुल इकाई पॉलिटिकल अफेयर कमेटी अब इस मुद्दे पर अंतिम बैठक करेगी। यह बैठक आने वाले कुछ दिनों में होगी, जिसमें गुजरात में चुनाव लड़ने के फायदे और नुकसानों पर मंथन किया जाएगा। पार्टी आलाकमान का एक धड़ा गुजरात चुनाव में उतरने के खिलाफ है। पार्टी से जुड़े एक सीनियर नेता ने कहा, “पंजाब और गोवा में जीत नहीं मिल सकी। गुजरात तो फिर भी मोदी और अमित शाह का गृह मैदान है। यहां तो और बड़ी चुनौती होगी। एक और हार मिली तो पार्टी के वालंटियर्स पर बुरा प्रभाव पड़ेगा।” पार्टी के एक धड़े का कहना है कि वॉलंटियर्स पिछले दो साल से इस चुनाव की तैयारी कर रहे हैं और अखिरी समय पर चुनाव ना लड़ने के नतीजे से वो हतोत्साहित हो जाएंगे या हो सकता है किसी और पार्टी में शामिल हो जाएं।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।