राष्ट्रपति चुनाव: सोनिया से मिलेंगे राजनाथ NDA कोर कमेटी की बैठक 23 को
(DELHI, DELHI) राष्ट्रपति चुनाव को लेकर गुरुवार को चुनाव आयोग ने अधिसूचना जारी कर दी है। वहीं राजनाथ सिंह और वेंकैया नायडू शुक्रवार को सोनिया गांधी और सीताराम येचुरी से मुलाकात करेंगे। गुरुवार को बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार को लेकर चर्चा हुई। 23 जून को होने वाली एनडीए की बैठक में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के नाम की घोषणा हो सकती है। क्योंकि पीएम मोदी 24 को विदेश यात्रा पर जा रहे हैं।

इससे पहले पार्टी अध्‍यक्ष अमित शाह ने वेंकैया नायडू राजनाथ सिंह और अरुण जेटली के नेतृत्‍व में तीन सदस्‍यीय मंत्रिस्‍तरीय समिति का गठन किया था। आपको बता दें कि राष्ट्रपति का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है और यह राष्ट्रपति के लिए पंद्रहवां चुनाव होगा। राष्ट्रपति का चुनाव 17 जुलाई को होगा।उम्मीदवार या उनके प्रस्तावक या अनुमोदक संसद भवन में लोकसभा सचिवालय में कमरा नम्बर 18 में अपना नामांकन पत्र सहायक निवार्चन अधिकारी रवीन्द्र गैरीमेला ( संयुक्त सचिव लोकसभा सचिवालय) और विनय कुमार मोहन (निदेशक लोकसभा सचिवालय) के समक्ष 28 जून तक सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर किसी भी दिन सुबह 11 से अपराह्न तीन बजे के बीच नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। नामांकन पत्रों की जांच 29 जून को होगी।

प्रत्येक नामांकन पत्र के साथ उम्मीदवार को मतदाता सूची में दर्ज अपने नाम की प्रामाणिक प्रतिलिपि भी पेश करनी होगी और पंद्रह हजार रुपये जमानत राशि जमा करनी होगी। अगर यह राशि पहले ही रिजर्व बैंक आफ इंडिया या सरकारी कोष में जमा कर दी गई हो तो नामांकन पत्र दाखिल करते समय उसका एक प्रमाणपत्र भी निवार्चन अधिकारी के समक्ष पेश करना होगा।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।