आम आदमी पार्टी नेता कुमार विश्वास के खिलाफ पार्टी के भीतर से ही आवाज उठती दिख रही है। पार्टी के कोषाध्यक्ष नियुक्त किए गए दीपक बाजपेयी और पूर्व दिल्ली इकाई संयोजक दिलीप पांडे द्वारा ट्वीट के जरिए कुमार विश्वास पर निशाना साधने के बाद अब दिल्ली स्थित पार्टी ऑफिस के बाहर कुछ पोस्टर नजर आए हैं। इन पोस्टर पर कुमार विश्वास के खिलाफ कई बातें कही गई हैं। इन पोस्टर्स में कुमार विश्वास को भाजपा का समर्थक और आप के लिए गद्दार बताया गया है। इसके अलावा उन्हें पार्टी से निकाले जाने की भी मांग की गई है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो सका कि ये पोस्टर्स किसने लगाए हैं।
पोस्टर में लिखा है, “भाजपा का यार है। कवि नहीं गद्दार है।
छिप-छिप कर हमला करता है। वार पीठ पर करता है।
ऐसे धोखेबाजों को बाहर करो, बाहर करो।
कुमार विश्वास का काला सच खुलकर बताने के लिए भाई दिलीप पांडे का आभार।”
बता दें कि गुरुवार को पूर्व दिल्ली इकाई संयोजक दिलीप पांडे ने भी कुमार विश्वास पर यह कहते हुए निशाना साधा कि वह राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर इतनी नर्मी क्यों बरत रहे हैं जबकि कांग्रेस के खिलाफ उनके तेवर गर्म हैं। पिछले दिनों राजस्थान में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कुमार विश्वास ने स्थानीय नेताओं के साथ बैठक की थी। बैठक में कुमार विश्वास की ओर से नेताओं को मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे समेत किसी नेता पर निजी टिप्पणियां नहीं करने के निर्देश दिए थे।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।