सलाहुद्दीन को वैश्विक आतंकी घोषित किए जाने से बौखलाया पाकिस्तान,बोला-फैसला न्यायपूर्ण नहीं
(International) सलाहुद्दीन को वैश्विक आतंकी घोषित किए जाने के दूसरे दिन मंगलवार को पाकिस्तान ने इस फैसले की निंदा की। अमेरिकी फैसले से बौखलाए पाकिस्तान ने कहा कि इसे न्यायपूर्ण नहीं माना जा सकता है।
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने कहा कि हम कश्मीरी लोगों के आत्मनिर्णय के अधिकार और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव के अनुरूप जम्मू-कश्मीर विवाद के हल के लिए वहां के लोगों के न्यायपूर्ण संघर्ष को राजनीतिक, कूटनीतिक और नैतिक समर्थन देते रहेंगे। मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने सलाहुद्दीन का नाम लिए बिना कहा, कश्मीरियों के आत्मनिर्णय के अधिकार का समर्थन कर रहे लोगों को आतंकवादी घोषित किया जाना गैर न्यायोचित है। पाकिस्तान ने लंबे समय से आतंकवाद के खिलाफ लड़ने को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताई है।

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने कहा कि कश्मीरियों के विरोध को बलपूर्वक कुचला जा रहा है। इसमें कश्मीरी लोगों पर वहां की सेना द्वारा पैलेट गन का इस्तेमाल, गलत गिरफ्तारी और स्थानीय लोगों पर अत्याचार शामिल है। पाकिस्तान पिछले 70 सालों से लगातार कश्मीरी लोगों की मदद करता रहा है और आगे भी करता रहेगा।

पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर स्थित यूनाईटेड जिहाद काउंसिल (यूजेसी) ने उसके प्रमुख और हिजबुल मुजाहिद्दीन प्रमुख सैयद सलाहुद्दीन को वैश्विक आतंकवादी घोषित किए जाने को बेहूदा मजाक बताया है। जम्मू-कश्मीर में सक्रिय करीब 13 आतंकवादी समूहों के शीर्ष संगठन यूजेसी का गठन वर्ष 1994 में पाकिस्तान सेना ने किया था और सलाहुद्दीन को उसका प्रमुख बनाया था। इसमें लश्कर ए तैयबा और जैश ए मोहम्मद जैसे समूह शामिल हैं। सलाहुद्दीन का असली नाम मोहम्मद युसूफ शाह है और वह कश्मीर से ताल्लुक रखता है, लेकिन पिछले 28 साल से पाकिस्तान में रह रहा है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।