झुंझुनूं में सड़क निर्माण के दौरान बड़ा हादसा, करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत, 5 झुलसे
(Buhana, Jhunjhunun) राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। उदयपुरवाटी क्षेत्र के छापोली गांव में सड़क निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग झुलसकर घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए उदयपुरवाटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए धरना शुरू कर दिया।

हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई मशीन

जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। सड़क निर्माण के लिए रोड़ी-बजरी मिलाने के काम में इस्तेमाल होने वाली मशीन को दूसरी जगह ले जाया जा रहा था। इसी दौरान मशीन का हाइड्रोलिक जैक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। इससे मशीन में करंट फैल गया और आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 लोग बुरी तरह झुलस गए।

हादसे में इन 8 लोगों की गई जान

इस दुर्घटना में हालेड़ा मंडावरा निवासी हरिराम गुर्जर (30), मंगलचंद गुर्जर (22), कालूराम गुर्जर (29) और पवन गुर्जर (23) की मौत हो गई। वहीं, छापोली निवासी विष्णु सैनी (38), सुरेंद्र उर्फ सुरेश सैनी (30), मुकेश सैनी (27) और फतेहचंद सैनी (32) ने भी हादसे में जान गंवा दी।

पांच लोग झुलसे, अस्पताल में चल रहा इलाज

हादसे में छापोली निवासी महेंद्र पुत्र बनवारी लाल सैनी, गीता देवी (45) पत्नी मदन लाल मेघवाल, संतरा देवी (35) पत्नी सतीश मेघवाल, गिरधारीराम (45) पुत्र धन्नाराम सैनी और मंजू देवी (38) पत्नी राजेश कुमार झुलस गए। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग और प्रशासन पर लगाए आरोप

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे की वजह बताते हुए धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली के खंभों और तारों के आसपास पेड़ों की शाखाएं छू रही थीं। बिजली लाइन बंद करवाने के लिए संबंधित ग्रिड सबस्टेशन पर फोन भी किया गया था, लेकिन वहां कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली विभाग की ओर से कार्रवाई की जाती तो इस हादसे को टाला जा सकता था।

घायल मजदूर ने बताई हादसे की आंखों देखी

हादसे में झुलसे गिदाराम सैनी ने बताया कि छापोली में सभी मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान वे मशीन को धक्का देकर दूसरी जगह ले जा रहे थे। तभी मशीन का संपर्क बिजली के तार से हो गया और उसमें करंट फैल गया। अचानक हुए इस हादसे में कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

पीएम मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख की सहायता

झुंझुनूं हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

अशोक गहलोत ने हादसे की जांच और मुआवजे की मांग की

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने X पर पोस्ट करते हुए कहा कि उदयपुरवाटी के छापोली में कई मजदूरों की करंट लगने से हुई मौत बेहद दुखद और मार्मिक है। उन्होंने सड़क निर्माण के दौरान हुए इस हादसे की जांच कराने और यह पता लगाने की मांग की कि दुर्घटना के लिए कौन जिम्मेदार है।
गहलोत ने राज्य सरकार से मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना भी की।

सीएम भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को दिए जांच के निर्देश

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि झुंझुनूं में करंट लगने से श्रमिकों की असामयिक मृत्यु का समाचार बेहद दुखद है।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार और प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जांच कराने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में संबल मिलने की कामना की।

फिलहाल हादसे के बाद ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है। ग्रामीण इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।