‘पीट-पीटकर हत्या की घटनाओं से खौलने लगता है मेरा खून’
(India)
प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को कहा कि पीट-पीटकर हत्या की घटनाओं से मुझे बेहद गुस्सा आता है और मेरा खून खौलने लगता है। नेशनल हेराल्ड द्वारा स्मारक प्रकाशन जारी किए जाने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम से इतर प्रियंका से पूछा गया था कि अतिसर्तकता के नाम पर पीट-पीटकर हत्या जैसी घटनाओं को लेकर क्या उनके भी विचार अपनी मां और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के समान ही हैं। प्रियंका ने एक चैनल से बातचीत में कहा कि मेरे विचार भी पूरी तरह से वही हैं। इनसे मुझे बेहद गुस्सा आता है, जब मैं ऐसी चीजें टीवी या इंटरनेट पर देखती हूं तो मेरा खून खौलने लगता है। मुझे बहुत ज्यादा गुस्सा आता है। मुझे लगता है कि इससे सही सोच वाले हर एक व्यक्ति का खून खौलना चाहिए। दूसरी तरफ राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बीते शनिवार को नेशनल हेराल्ड के स्मारक संस्करण को लांच किया। कार्यक्रम में प्रियंका गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सहित कई विपक्षी दलों के नेता मौजूद थे। इस दौरान राष्ट्रपति मुखर्जी ने भीड़ द्वारा जान से मारने की घटनाओं पर कहा कि ऐसी घटनाओं पर गंभीरता से विचार किए जाने की जरूरत है उधर इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मौजूदा एनडीए सरकार पर भी निशाना साधा। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कानून का पालन करवाने की जिम्मदारी जिस पर है, वो उनका समर्थन कर रहे हैं, जो क्या खाएं या नहीं, किससे प्यार करें और किससे नहीं, जैसी चीजों पर जबरन अपने विचार थोप रहे हैं। सोनिया गांधी ने कहा कि घरेलू कुशासन भी विदेश कुशासन की तरह बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि अगर सत्ता के खिलाफ नहीं आवाज उठाई गई, तो फिर ये हमारी सहमति समझी जाएगी।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।