सीबीआई के शिकंजे पर बोले लालू- फांसी पर लटक जाए पर बीजेपी का अहंकार मिटा देंगे
(BIHAR, BIHAR) राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह हमें मिटाना चाहते हैं। लेकिन ऐसे चिल्लर और खटमल का इलाज मैं जनता की दवा से करूंगा। फांसी पर हम लटक जाएंगे, लेकिन इनके अहंकार को जनता की ताकत से मिटाकर रहेंगे।

27 अगस्त को पूरे बिहार की जनता और देशभर के विपक्षी नेता गांधी मैदान में जुटेंगे। उनके बीच हम पूरी बात रखेंगे। रांची से लौटने के बाद शुक्रवार की शाम अपने आवास पर प्रेस से बात करते हुए लालू प्रसाद ने कहा कि हमने इनको बिहार से भगाया है। अब देश से भगाने का ऐलान कर चुके हैं। यही कारण है कि झूठे आरोपों से हमें घेरने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन कोर्ट और जनता पर हमें पूरा भरोसा है। हम पर केस किया तो किया बच्चों और बीवी तक को फंसा दिया है। जब का मामला है तब तेजस्वी नाबालिग थे। राबड़ी देवी भी किसी पद पर नहीं थीं।

उन्होंने कहा कि जिस मामले में हमको घसीटा जा रहा है, वह फैसला अटलजी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में हुआ था। 2003 में होटलों को आईआरसीटीसी को देने का फैसला अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने किया। 2006 में आईआरसीटीसी ने ओपेन टेंडर से रांची, पूरी, हावड़ा और दिल्ली के होटलों को लिया। जिसने बड़ी बोली लगाई उसे टेंडर मिला। अगर कोई गड़बड़ी होती तो उसी समय दूसरे भागीदार केस कर देते। इन होटलों से एक करोड़ 15 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हो रहा है। लेकिन इतने दिनों के बाद बेवजह उसमें हमको डाला जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हमारे पूरे परिवार ने सीबीआई को पूरा सहयोग किया। आगे भी हम हमेशा उपलब्ध हैं। हमें कोई डर नहीं है। कोई गलती नहीं की है। राबड़ी देवी और तेजस्वी से पूछताछ की बात सनसनी फैलाने के लिए कही गई। यहां किसी से कोई पूछताछ नहीं हुई है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।