अमरनाथ आतंकी हमला: राजनाथ सिंह की बैठक में फैसला, गृह मंत्रालय की एक टीम श्रीनगर रवाना
(DELHI, DELHI) जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में अमरनाथ यात्रियों पर हुए आतंकी हमले के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट कर दिया गया है। सभी टॉप अफसर सुरक्षा हालात की समीक्षा में लगे हुए हैं। यूपी में कांवड़ यात्रा पर निकलने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा चाक-चौबंद करने के आदेश दिए गए हैं। गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार सुबह 10 बजे एक अहम बैठक बुलाई है। इसमें सुरक्षा हालात की समीक्षा की जाएगी। इस बीच, गृह मंत्रालय की एक टीम श्रीनगर रवाना हो गई है। बता दें कि सोमवार शाम अमरनाथ यात्रियों की बस पर हुए आतंकी हमले में 7 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 32 लोग घायल हो गए थे। ये श्रद्धालु दर्शन के बाद वापस लौट रहे थे।

वहीं, राज्य के कई आला सुरक्षा अधिकारी मंगलवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। सीआरपीएफ के आईजी ऑपरेशंस जुल्फिकार हसन ने कहा कि हमले की जांच जम्मू-कश्मीर पुलिस कर रही है। जुल्फिकार ने बताया कि यात्रा अब भी जारी है और इसके शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए सुरक्षा के समुचित इंतजाम किए गए हैं। उधर, जम्मू में मोबाइल डेटा सर्विस को रोक दिया गया। सिर्फ बीएसएनएल की ब्रॉडबैंड सर्विस सीमित स्पीड के साथ उपलब्ध है।

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अमरनाथ यात्रा पर हमले से संबंधित इंटेलिजेंस रिपोर्ट जारी की गई थी। इस रिपोर्ट में कहा गया था कि आतंकियों का लक्ष्य है कि कम से कम 150 श्रद्धालुओं को निशाना बनाया जाए। इसमें यह भी कहा गया था कि आतंकी इस फिराक में हैं कि 100 के आसपास जवानों को भी निशाना बनाया जाए। बता दें कि अमरनाथ यात्रा को आतंकी इससे पहले भी कई बार निशाना बना चुके हैं। एक बड़ा हमला साल 2000 में भी हुआ था, जिसमें 100 से ज्यादा लोग मारे गए थे।

इस साल यह यात्रा पहलगाम और बालटाल- इन दो रूटों से 29 जून को बेहद कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच शुरू की गई थी। इस यात्रा के तहत 6000 श्रद्धालुओं को उत्तरी कश्मीर के बालटाल बेस कैंप की तरफ से और 5000 श्रद्धालुओं को दक्षिणी कश्मीर के पहलगाम की ओर से पवित्र गुफा जाने के लिए इजाजत दी गई थी। इस साल करीब 1.2 लाख श्रद्धालुओं ने यात्रा के लिए पंजीकरण करवाया था। 45 दिनों तक चलने वाली यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पूरे मार्ग पर सैटलाइट ट्रैकिंग सिस्टम, ड्रोन्स, मोबाइल बंकर वाहन और रोड ओपनिंग पार्टीज (आरओपी) की तैनाती की गई थी। सुरक्षा प्रबंधों को पुख्ता बनाने के लिए केंद्र ने राज्य सरकार को 40 हजार अर्धसैनिक बल और प्रदान किए थे।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।