केजरीवाल की माफ़ी के बाद अवतार सिंह भड़ाना ने मानहानि का केस लिया वापस ...
(DELHI, DELHI) दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी (AAP) के मुखिया व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को बैकफुट आते हुए दिल्ली हाईकोर्ट में चल रहे मानहानि केस में माफी मांग ली है। इसी के साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा बयान से पीछे हटने के बाद भाजपा नेता अवतार सिंह भड़ाना ने उनके खिलाफ दायर मानहानि के मामले को वापस ले लिया। दोनों पक्षों की सहमति के बाद पटियाला हाउस कोर्ट ने तीन साल पुराने मानहानि के मामले को बंद कर दिया। केजरीवाल ने भड़ाना पर आरोप लगाया था कि वह देश के सबसे भ्रष्ट व्यक्तियों में से एक हैं।

अतिरिक्त जिला न्यायाधीश सुरेंद्र एस राठी ने दोनों नेताओं की ओर से रखी गई बातों पर विचार किया और मामले का निस्तारण किया। भड़ाना की ओर से पैरवी कर रहे वकील सूरत सिंह ने कहा कि जब केजरीवाल की ओर से बयान वापस ले लिया गया है तो वह भी इस मामले को आगे नहीं बढ़ाना चाहते। कोर्ट में केजरीवाल की ओर से दायर हलफनामे में उन्होंने बयान वापस लेते हुए कहा कि भड़ाना के बारे में साथी ने गलत सूचना दी थी, जिसके कारण उन्होंने उनके खिलाफ बयानबाजी की। इसका उन्हें खेद है। साथ ही केजरीवाल यह भी कहा कि उनकी मंशा भड़ाना की छवि खराब करना नहीं था। उल्लेखनीय है कि केजरीवाल द्वारा आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर भड़ाना ने उनके खिलाफ 2014 में मानहानि का मामला दर्ज कराया था।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।