डोकलाम विवाद : चीन ने भारत में रह रहे अपने नागरिकों को जारी की ये चेतावनी
(International) भारत और चीन के बीच चल रहा डोकलाम विवाद शांत नहीं हो रहा है। इस बीच दिल्ली स्थित चीनी दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में चीनी दूतावास ने कहा है कि भारत में आपदा और बीमारियों से खुद को सुरक्षित रखें। यह एडवाइजरी 31 दिसंबर 2017 तक वैध है। बता दें कि बीते दो महीनों में चीन की ओर से दूसरी बार यह एडवाइजरी जारी की है। इससे पहले 8 जुलाई को भी चीन की ओर से ऐसी ही चेतावनी जारी की गई थी। इससे पहले गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने चीन के साथ चल रहे डोकलाम गतिरोध का जल्दी शांतिपूर्ण हल निकलने की उम्मीद जताई थी। उन्होंने कहा था कि कि चीन इस मसले को हल करने के लिए कुछ 'सकारात्मक कदम' उठाएगा। वहीं गृह मंत्री की उम्मीद को खारिज करते हुए चीन ने कहा था कि भारत को बिना शर्त अपनी सेना हटानी ही होगी।

गौरतलब है कि डोकलाम विवाद के अलावा हाल ही में लद्दाख की पेंगोंग झील के पास भी भारत और चीन के सैनिकों के बीच झड़प हुई थी। चीनी सैनिक भारतीय इलाके में घुसने की कोशिश कर रहे थे, जिसका भारतीय सैनिकों ने विरोध किया। बाद में चीनी सैनिकों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी थी। इसके बाद दोनों सेनाओं के बीच इस मुद्दे पर बात भी हुई थी, दोनों ने आगे से ऐसा ना दोहराने की बात कही थी। आपको बता दें कि सिक्किम सीमा सेक्टर के पास डोकलाम में भारत और चीनी सेना दो महीने से भी ज्यादा समय से आमने-सामने है। यह गतिरोध तब शुरू हुआ जब इस इलाके में चीनी सेना द्वारा किए जाने वाले सड़क निर्माण कार्य को भारतीय सैनिकों ने रोक दिया। भारत की चिंता यह है कि अगर चीन डोकलाम में सड़क बनाने में कामयाब रहता है तो उसके लिए कभी भी उत्तर-पूर्व के हिस्से तक शेष भारत की पहुंच को रोक देना आसान हो जाएगा। भारत ने साफ कर दिया है कि वह डोकलाम से अपनी सेना तब तक नहीं हटाएगा, जब तक चीन पीछे नहीं हटता है। डोकलाम विवाद पर ज्‍यादातर देश भारत के पक्ष में खड़े नजर आ रहे हैं। कई देशों ने खुलकर भारत का समर्थन किया है। हालांकि जानकारों की मानें तो युद्ध की स्थिति में भारत के साथ-साथ चीन को भी भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।