1 सितंबर को दिल्ली के सरकारी स्कूलों में होगी पैरेंटस-टीचर मीटिंग...
(NewDelhi, NewDelhi) दिल्ली सरकार अपने सभी स्कूलों में एक सितंबर यानी शुक्रवार को पैरेंटस-टीचर मीटिंग (पीटीएम) का आयोजन करने जा रही है। शिक्षामंत्री मनीष सिसोदिया ने प्रत्येक विद्यार्थी के अभिभावकों से अपील की है कि वे पीटीएम मीटिंग में जरूर हिस्सा लें। सिसोदिया ने यह भी कहा कि आम तौर पर माता-पिता में से कोई एक ही पीटीएम में आते हैं, लेकिन इस बार दोनों आएं, चाहे उनका बच्चा नर्सरी में पढ़ता हो या 12वीं में। अभिभावकों और अध्यापकों के बीच बातचीत बहुत जरूरी है और इससे बच्चों की पढ़ाई में मदद मिलेगी। बता दें कि इससे पहले दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय की ओर से गत 15 अक्टूबर को सरकारी स्कूलों में मेगा पीटीएम का आयोजन किया गया था। इस पीटीएम में छात्रों के अभिभावकों को उनके प्रदर्शन के बारे में बताया गया था।

दिल्ली से बाहर पढ़ रहे विद्यार्थियों को मनीष सिसोदिया ने नई सौगात दी। उन्होंने बताया कि अब दिल्ली के स्कूलों से उत्तीर्ण होकर देश के किसी भी सरकारी संस्थान में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को एजुकेशन गारंटी लोन स्कीम का फायदा मिल सकेगा। अब तक इस स्कीम का फायदा दिल्ली के स्कूलों से उत्तीर्ण होकर दिल्ली के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में पढऩे वाले छात्रों को ही मिलता था। दिल्ली सरकार की कैबिनेट ने इसका दायरा बढ़ाने का फैसला लिया है। मनीष सिसोदिया ने कहा कि सरकार उच्च और तकनीकी शिक्षा के लिए लोन गारंटी स्कीम के तहत बच्चों को 10 लाख रुपये का लोन देती है। सरकार ने इसके लिए ट्रस्ट बनाया है जो इस लोन की गारंटी देता है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।