RBI की वार्षिक रिपोर्ट कहती हैं नोटबंदी पूरी तरह विफल - आप नेता संजय सिंह
(DELHI, DELHI) बवाना विधानसभा उपचुनाव जीतने के बाद दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री और उनकी आम आदमी पार्टी केंद्र सरकार के खिलाफ मुखर हो गई है। खुद केजरीवाल और उनकी पार्टी के वरिष्‍ठ नेता खुलकर मोदी सरकार की मुखालफत कर रहे हैं। इसी क्रम में आप पार्टी के नेता संजय सिंह ने कहा है कि आरबीआइ की सालाना रिपोर्ट से साफ हो गया है कि नोटबंदी पूरी तरह से विफल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बड़े जोर शोर के साथ नोटबंदी का फैसला लिया था और जबकि उस वक्‍त अरविंद केजरीवाल ने इसे देश का सबसे बड़ा घोटाला करार दिया था। उस समय लोगों ने हमें नौसिखिया बताया था। लेकिन अब धीरे-धीरे सच सामने आ रहा है।

उन्होंने कहा कि आरबीआइ की वार्षिक रिपोर्ट से पता चलता है कि नोटबंदी का फैसला पूरी तरह से विफल हो गया। सरकार को निशाने पर लेते हुए संजय सिंह ने कहा कि गत वर्ष 27 नवंबर को आरबीआइ ने बताया था कि एक हजार और पांच सौ के नोट की 14.18 लाख करोड़ रुपये की करेंसी मार्केट में है। इससे एक रुपये भी अधिक जमा होता है, तो वह जाली नोट है, अब आरबीआइ ने 14 लाख 44 हजार करोड़ रुपये का आंकड़ा दिया और बताया कि 16 हजार करोड़ रुपये वापस नहीं आए। इस सबकी जिम्मेदारी प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को लेनी चाहिए। पूरा अर्थशास्त्र फेल हो गया। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि क्या भाजपा के करीबियों ने नोटबंदी करा कर काला पैसा जमा कराया ?

नोटबंदी के दौरान 124 लोगों की मौत हुई थी। सरकार का वादा था कि नक्सलवाद, आतंकवाद, नकली नोट, नोटबंदी के बाद चलन में नहीं रहेंगे लेकिन सब जारी है। बुधवार को राजनिवास में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों के धरने पर संजय सिंह ने कहा कि आप के विधायक कोई गुंडे नहीं हैं कि वे एलजी हाउस को कब्जा कर लेंगे। उनके घर मे जाना जनप्रतिनिधियों को जाने का हक है। उन्होंने काम में रुकावट का आरोप लगाते हुए कहा कि एक सरकार यदि स्वास्थ्य विभाग पर अच्छा काम कर रहा है तो उसे रोका जा रहा है। विजिलेंस की फाइल उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को नहीं दिखाने को कहा गया है यह दिल्ली सरकार के लिए सही नहीं है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।