मुकुल रॉय छोड़ेंगे ममता का साथ पार्टी ने किया निलंबित दुर्गा पूजा के बाद देंगे टीएमसी से इस्तीफा
(DELHI, DELHI) तृणमूल कांग्रेस ने सोमवार को अपने संस्थापक सदस्य और राज्यसभा सदस्य मुकुल रॉय को छह साल के लिए पार्टी की सदस्यता से निलंबित कर दिया। टीएमसी के महासचिव पार्थ चटर्जी ने संवाददाताओं को पार्टी के इस फैसले के बारे में बताया। इसके चंद घंटे पहले ही रॉय ने घोषणा की थी कि वह दुर्गा पूजा के बाद पार्टी छोड़ देंगे। रॉय ने कहा, जब पार्टी की स्थापना हुई थी तब उसके लिए हस्ताक्षर करने वालों में एक मैं भी था। उन्होंने कहा, दुर्गा पूजा पर्व संपन्न होने के बाद मैं राज्यसभा से और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफे दे दूंगा। वहीं मुकुल रॉय की इस घोषणा के बाद तृणमूल कांग्रेस ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया।
रॉय ने कहा कि वह दुर्गा पूजा के बाद स्पष्टीकरण देंगे कि क्यों वह पार्टी छोड़ रहे हैं और क्यों वह ऐसा करने के लिए बाध्य हुए। पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तणमूल कांग्रेस ने पिछले सप्ताह बीजेपी नेताओं से नजदीकी बढ़ाए जाने की खबरों के बीच उन्हें फटकार लगाई थी और कहा कि वह उन पर गहरी नजर रख रही है। यह पूछे जाने पर कि क्या वह बीजेपी में जाएंगे? रॉय ने कहा जो भी मुझे कहना है वह मैं दुर्गा पूजा के बाद कहूंगा लेकिन मैं यह उल्लेख करना चाहूंगा कि बंगाल के लोग दुर्गा पूजा के दौरान राजनीतिक विवाद पसंद नहीं करते।
टीएमसी में कभी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बाद दूसरे नंबर की हैसियत रखने वाले मुकुल रॉय 19 सितंबर को टीएमसी के मुखपत्र जागो बांग्ला के दुर्गा पूजा संस्करण का विमोचन करने के लिए आयोजित समारोह में नहीं पहुंचे थे। समारोह में ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के सभी नेता एवं पदाधिकारी मौजूद थे। हाल ही में टीएमसी ने अपनी समिति के पुनर्गठन का निर्णय किया था जिसके बाद रॉय को पार्टी के उपाध्यक्ष पद से हटा दिया गया था।
इससे पहले रॉय को त्रिपुरा में पार्टी मामलों के प्रभारी के पद से हटा दिया गया था। वहां टीएमसी अपनी जड़ें मजबूत करने का प्रयास कर रही थी लेकिन इस साल के शुरू में उसके कई सदस्य बीजेपी में चले गए।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।