गुजरात चुनाव की तारीखों का हुआ ऐलान, 9 और 14 दिसंबर को वोटिंग 18 को नतीजे ...
(GUJARAT, GUJARAT) निर्वाचन आयोग गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीख की घोषणा कर दी है। पहले चरण का चुनाव 9 दिसंबर (89 विधानसभा सीटों के लिए) जबकि दूसरे चरण का चुनाव 14 दिसंबर (93 विधानसभा सीटों के लिए) को होगा। गुजरात और हिमाचल प्रदेश दोनों जगह वोटों की गिनती 18 दिसंबर को होगी। प्रेस कान्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त अचल कुमार ज्योति ने कहा कि गुजरात चुनावों में इस बार 50,128 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इसके साथ अभी से ही राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। पोलिंग स्टेशनों पर दिव्यांगों को वरीयता दी जाएगी। गोवा के बाद हिमाचल और गुजरात ऐसे राज्य होंगे जहां चुनावों में शत प्रतिशत वीवीपैट मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा।

इसके साथ ही चुनाव आयोग ने गुजरात की 182 सीटों पर कुल 4.30 करोड़ वोटर हैं। चुनावों के लिए 50,128 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि गुजराती भाषा में भी वोटिंग गाइड दी जाएगी। अचल कुमार ज्योति ने कहा कि हर पोलिंग बूथ पर एक महिला चुनावकर्मी मौजूद रहेगी, ऐसा गुजरात के चुनावों में पहली बार होगा। सभी उम्मीदवारों को हलफनामा भरना होगा। अगर हलफनामे में कोई भी कॉलम खाली रहता है तो उम्मीदवार को नोटिस भेजा जाएगा। हर सीट की पोलिंग बूथ की VVPAT पर्चियों की गिनती होगी। 102 बूथ पर महिला पोलिंग स्टाफ मौजूद रहेगा।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि सभी बड़ी चुनावी रैलियों की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी। आज से ही आचार संहिता लागू होगी। इसके अलावा बॉर्डर चेकपोस्ट की भी सीसीटीवी के द्वारा निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि हर उम्मीदवार 28 लाख रुपये ही खर्च कर सकता है। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट खर्च पर निगरानी रखेगा, इसके अलावा बाहर से शराब लाने पर भी नजर रखी जाएगी। हर उम्मीदवार को अपना अलग नया खाता खोलना होगा, उससे ही वह चुनावी खर्च कर सकेगा। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि वोटरों के लिए हेल्पलाइन सेंटर खोले जाएंगे।

मालूम हो कि निर्वाचन आयोग हिमाचल प्रदेश में चुनावों की घोषणा पहले ही कर चुका है। माना जा रहा है कि दोनों ही राज्यों में मतगणना 18 दिसंबर को एक साथ ही कराई जाएगी। उपराष्ट्रपति बनने के बाद वेंकैया नायडू द्वारा रिक्त राज्यसभा सीट पर उपचुनाव 16 नवंबर को कराया जाएगा। वह राजस्थान से संसद के उच्च सदन के सदस्य थे। उन्होंने 10 अगस्त को सदन की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था, जबकि उनका कार्यकाल 4 जुलाई, 2022 तक था। आयोग ने एक बयान जारी कर बताया कि उपचुनाव की अधिसूचना 30 अक्टूबर को जारी की जाएगी। नामांकन की आखिरी तारीख छह नवंबर होगी।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।