कुछ कारोबारियों को छोड़ समाज का कोई भी भाग यहां खुश नहीं- राहुल गांधी.....
(GUJARAT, GUJARAT) कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी आज से तीन दिनों तक दक्षिणी गुजरात के दौरे पर हैं। कांग्रेस की नवसृजन यात्रा का यह तीसरा चरण है। राहुल इसी दौरे के दौरान पाटीदार नेता हार्दिक पटेल दलित नेता जिग्नेश मेवाणी से मुलाकात कर सकते हैं।
जंबूसर में रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश के हर प्रदेश में मेरा दौरा हो रहा है मैं हर स्टेट में जा रहा हूं लेकिन पहली बार गुजरात में ऐसा लग रहा है कि समाज का कोई भी भाग खुश नहीं है। पूरे समाज में दुख और मुश्किल है। सिर्फ गुजरात के 5-6 कारोबारी खुश हैं, जिन्हें मोदी सरकार से कोई दिक्कत नहीं है।
गुजरात में गरीबों को पानी नहीं मिलता लेकिन बड़े कारोबारियों को सारा पानी दे दिया जाता है। उन्होंने कहा कि गुजरात में किसान रो रहा है कर्जा माफ करवाना चाहता है। मोदी जी ने टाटा नैनो के लिए 33000 करोड़ रुपए के लिए लोन दिया लेकिन किसानों का कर्ज माफ नहीं किया।
राहुल ने कहा कि सड़क पर आज नैनो नहीं दिखती है ये गुजरात मॉडल है। गरीबों से पानी और जमीन लेकर नैनो को दिया लेकिन फायदा नहीं हुआ। गरीबों से पैसा लेकर अमीरों को पैसा देना ही गुजरात मॉडल है। गुजरात में अगर कोई युवा शिक्षा चाहता है तो उसे 10-15 लाख रुपए खर्च करना पड़ता है।
गुजरात मॉडल के जरिए यहां के युवाओं को नहीं बल्कि चीन के युवा को रोजगार मिल रहा है। चीन में हर घंटे पचास हजार लोगों को रोजगार मिलता है। लेकिन हिंदुस्तान में मेक इन इंडिया के तहत 450 युवाओं को रोजगार मिलता है। हमारा मुकाबला चीन से है।
भरूच और सूरत दोनों ही जगहों पर पटेल समुदाय के बीच सत्ताधारी बीजेपी को लेकर भारी असंतोष है। ऐसे में राहुल के इस इलाके में दौरे को रणनीतिक तौर पर कांग्रेस के लिए काफी खास बताया जा रहा है। पटेल समुदाय के अलावा भरूच और सूरत के व्यापारियों में जीएसटी और नोटबंदी को लेकर भी बीजेपी के खिलाफ काफी नाराजगी है। कांग्रेस दक्षिणी गुजरात में जेडीयू के नेता छोटूभाई वासवा की अगुवाई वाले दल से मुलाकात कर सीटों के बंटवारे पर अहम समझौता कर सकते हैं। राहुल गांधी के अलावा राज्य में गुजरात चुनावों के प्रभारी अशोक गहलोत भी वासवा से पहले मुलाकात कर चुके हैं। वासवा छह बार विधायक रह चुके हैं और दिल्ली में पिछले शनिवार उन्होंने कांग्रेस अलाकमान से मुलाकात की थी। दोनों पक्ष इस बात पर राजी हुए थे कि गुजरात विधानसभा चुनावों के दौरान दोनों पार्टियां एक साथ आएंगी।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।