राहुल बोले- नोटबंदी के समय सूट-बूटवाले बैंक में पीछे से घुसकर एसी में बैठे....
(DELHI, DELHI) गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आते ही कांग्रेस और बीजेपी के एक-दूसरे पर हमले और तेज हो गए हैं। बापू की जन्मस्थली पोरबंदर से अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे की शुरुआत करते हुए शुक्रवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों पर जमकर हमला बोला। रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गुजरात सिर्फ 5- 10 कारोबारियों का नहीं है यह किसानों मजदूरों और छोटे कारोबारियों का है।
केंद्र के नोटबंदी के फैसले पर तीखा हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा उस वक्त जब आप लाइन में लगते थे तो क्या किसी सूट-बूटवाले को देखा था? मैं बताता हूं क्यों नहीं देखा था क्योंकि वे पहले से ही पीछे से घुसकर बैंक के अंदर एसी में बैठे थे।
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि हम आपको अपने मन की बात नहीं बताना चाहते बल्कि हम आपके मन की बात सुनना चाहते हैं। दिसंबर में होने वाले चुनावों में कांग्रेस जीतेगी और सत्ता में आने के बाद आपके मन की बात सुनी जाएगी।
गांधी ने यहां नवा बंदर इलाके में मछुआरों को अपने संबोधन में कहा कि सरकार खेती के लिए किसानों को पेट्रोल डीजल पर 300 करोड़ की सब्सिडी नहीं दे रही पर इससे बड़ी रकम उद्योगपतियों को दे रही है। पिछले साल 10 से 15 उद्योगपतियों को एक लाख 20 हजार करोड़ का कर्ज माफ कर देने वाली मोदी सरकार आने वाले समय में छह लाख करोड़ का कर्ज माफ करने वाली है पर गुजरात के किसानों का कर्ज माफ नहीं करती।
उन्होंने कहा मछुआरों ने कहा था कि जो काम किसान करता है वही काम मछुआरा करता है मछुआरों के लिये अलग मंत्रालय होना चाहिए और हमारी सरकार बनेगी तो हम ये काम करके दिखायेंगे।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।