अमेरिका मे बराक और मिशेल ओबामा की बंदर से तुलना करने वाले सांसद ने की आत्महत्या, लगा था यौन उत्पीड़न का आरोप
(DELHI, DELHI) अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और मिशेल ओबामा की बंदरों से तुलना करने के भड़काऊ फेसबुक पोस्ट करने वाले एक रिपब्लिकन सांसद ने आज आत्महत्या कर ली। केंटुकी से सांसद डैन जॉनसन पर एक किशोरी का यौन शोषण करने का आरोप भी लगा था। बुलिट काउंटी शेरिफ डॉनी टिन्नेल ने बताया कि 57 वर्षीय जॉनसन ने माउंट वाशिंगटन केंटुकी में एक पुल पर खुद को गोली मार ली। टिन्नेल ने सांसद की मौत की पुष्टि की।
जॉनसन वर्ष 2016 में निर्वाचित हुए थे। उनकी फेसबुक पर कुछ नस्लवादी टिप्पणियों के सामने आने के बाद रिपब्लिकन नेताओं ने उनसे चुनावी दौड़ से बाहर होने का अनुरोध किया था लेकिन इसे दरकिनार करते हुए उन्होंने चुनाव जीता। उन पर एक महिला ने आरोप लगाया था कि सांसद ने वर्ष 2013 में अपने घर के बेसमेंट में उसका यौन उत्पीड़न किया था। इस मामले की जांच जारी थी। जॉनसन पर अपने घर में बेटी की 17 वर्षीय दोस्त से यौन उत्पीड़न के आरोप लगे थे। हालांकि जॉनसन ने इसके बाद भी इस्तीफा देने से इनकार कर दिया था। इस कथित वारदात के बारे में पीड़िता ने एक फेसबुक संदेश भी लिखा था। इसके जवाब में जॉनसन ने दावा किया था कि नए साल की उस रात क्या हुआ था, उन्हें याद नहीं हैं क्योंकि उस समय वह नशे में थे। हालांकि उन्होंने यह भी कहा था कि वह लड़की के कमरे में नहीं घुसे थे। उन्होंने इस आरोप को झूठा और राजनीति से प्रेरित बताया था। अपने चर्च में वह खुद को 'पोप' की तरह पेश करते थे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।