सत्ता के लिए BJP ने देश को गुमराह किया:कांग्रेस
(DELHI, DELHI) कांग्रेस ने कहा कि 2जी घोटाले पर सीबीआई की विशेष अदालत में सभी आरोपियों के बरी होने से साफ हो गया कि भारतीय जनता पार्टी भाजपा ने सत्ता के लिए षड्यंत्र कर देश की जनता को गुमराह किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं वित्त मंत्री अरुण जेटली को इस पर जवाब देना चाहिए। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला तथा राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलामनबी आजाद ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा कि उच्चतम न्यायालय की निगरानी में केंद्रीय जांच ब्यूरो सीबीआई की विशेष अदालत के 2जी घोटाले पर आए फैसले से'दूध का दूध और पानी का पानी हो गया है।
भाजपा और उसके शीर्ष नेताओं का सत्ता पाने के लिए बोला गया झूठ सामने आ गया है और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा वित्तमंत्री अरुण जेटली जवाबदेही से बच नहीं सकते हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस मामले में सच्चाई सबके सामने आयी है। भाजपा ने 2जी में भ्रष्टाचार को सत्ता की सीढ़ियां बनाया और इसे खूब प्रचारित किया और इस झूठ का फल सत्ता के रूप में उन्हेें मिला। अब उनका झूठ पकड़ा गया है और इसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए।
रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा को माफी सिर्फ कांग्रेस और देश से ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया से मांगनी चाहिए क्योंकि इसे दुनिया का सबसे बड़ा घोटाला कहकर प्रचारित किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार को बदनाम करने के लिए यह तानाबाना नरेंद्र मोदी अरुण जेटली और पूर्व महालेखा परीक्षक कैग विनोद राय ने मिलकर तैयार किया था। एक माहौल बनाया और देश को बदनाम किया। इससे अर्थव्यवस्था को भी नुकसान हुआ है और इसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।