भारत की स्थिति गंभीर है-राहुल गांधी
(India) कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर हमला करने का कोई भी मौका नहीं चूकते हैं। इस बार उन्‍होंने बहरीन में 50 देशों के लोगों के सामने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत की स्थिति गंभीर है। राहुल सोमवार (8 जनवरी) को एनआरआई के एक सम्‍मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्‍होंने युवाओं के लिए रोजगार मुहैया कराने में असफल रहने पर मोदी सरकार की कड़ी आलोचना की। राहुल ने कहा कि इस वजह से देश में गुस्‍सा और नफरत की भावना बढ़ रही है। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर पीएम मोदी और केंद्र सरकार पर शुरुआत से ही हमलावर रही है। राहुल गांधी खुद कई मौकों पर यह मुद्दा उठा चुके हैं।
कांग्रेस का अध्‍यक्ष बनने के बाद राहुल गांधी की यह पहली विदेश यात्रा है। वह ग्‍लोबल ऑर्गेनाइजेशन ऑफ पीपुल ऑफ इंडिया ओरिजिन की ओर से आयोजित सम्‍मेलन में मुख्‍य अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे। राहुल ने कहा, ‘गुस्‍से को हर तरफ देखा जा सकता है। यह तेजी से बढ़ता जा रहा है। दूसरी तरफ, सरकार इस डर को विभिन्‍न समुदायों के बीच नफरत में बदलने में व्‍यस्‍त है। ऐसे में भारत के संरक्षण के लिए अनिवासी भारतीयों की जरूरत है।’ राहुल गांधी ने सम्‍मेलन में मौजूद लोगों से राष्‍ट्र निर्माण की प्रक्रिया में शामिल होने का भी आह्वान किया। उन्‍होंने कहा, ‘मैं यहां आपको यह बताने के लिए आया हूं कि आप अपने देश के लिए क्‍या हैं। आप बहुत महत्‍वपूर्ण हैं। आपके घर में गंभीर समस्‍या है और उसके समाधान की प्रक्रिया में आपको शामिल होना है। आज के दिन भारत को आपकी प्रतिभा, कौशल और देशभक्ति की जरूरत है। हमें हिंसा और नफरत पर चल रही बातचीत को प्रगति, रोजगार और आपसी प्‍यार की ओर मोड़ना है। हमलोग यह काम आपके कौशल के बिना नहीं कर सकते।’ राहुल ने बहरीन के क्राउन प्रिंस शेख सलमान बिन हमाद अल खलीफा से मुलाकात की और पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा लिखी गई ‘डिस्‍कवरी ऑफ इंडिया’ किताब उन्‍हें भेंट की थी।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।