कर्नाटक चुनाव आयोग आज कर सकता है चुनाव की तारीखों का ऐलान
(KARNATAKA, KARNATAKA) चुनाव आयोग की तरफ से आज कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर तारीखों का ऐलान किया जा सकता है। आयोग की तरफ से इसको लेकर सुबह ग्यारह बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस किया जा रहा है। कर्नाटक चुनाव से ऐन पहले सभी पार्टियों ने कमर कस ली है। कर्नाटक में मौजूदा कांग्रेस की सिद्धारमैया सरकार का कार्यकाल 28 मई को पूरा हो रहा है।
कर्नाटक की 225 विधानसभा सीटों पर 224 के लिए चुनाव होने हैं जबकि एक सीट पर ऐंग्लो-इंडियन समुदाय से सदस्य मनोनीत होगा। कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनाव में इस बार सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी बीजेपी के बीच सीधी टक्कर है। दोनों ही पार्टियों के स्टार कैंपेनर इन दिनों जोर-शोर से प्रचार-प्रसार में लगे हुए हैं। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जहां सिद्धारमैया सरकार अपनी सीट बचाने के लिए उतरेगी वहीं बीजेपी भी इस बार यहां सत्ता पर काबिज होने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है। तीसरी ओर जेडीएस-बीएसपी एक साथ मिलकर दोनों प्रमुख पार्टियों को चुनौती देगी।
बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह भी इन दिनों लगातार विधानसभा चुनाव प्रचार को लेकर कर्नाटक में ही हैं। उनके दौरे का आज दूसरा दिन है। वह आज श्रृंगेरी स्वामी और श्री मुरुगा मठ के दर्शन करेंगे। दूसरी ओर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी कर्नाटक में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। सोमवार को ही जेडीएस से बगावत कर चुके 7 पूर्व विधायकों ने कांग्रेस जॉइन की।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।