चुनाव डेट लीक पर कांग्रेस का हमला बीजेपी बन गई है सुपर इलैक्शन कमीशन
(DELHI, DELHI) कांग्रेस ने बीजेपी को सुपर चुनाव आयोग करार देते हुए चुनाव आयोग द्वारा कनार्टक विधानसभा की चुनाव तारीख की घोषणा करने से पहले ही भाजपा की आईटी शाखा के प्रमुख के इस बारे में ट्वीट कर देने पर मंगलवार को कड़ी आपत्ति जतायी।

कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि चुनाव आयोग की साख दांव पर है। उन्होंने सवाल किया कि क्या सत्तारूढ़ दल एवं उसके प्रमुख अमित शाह पर कोई कार्रवाई होगी? उन्होंने ट्वीट कर कहा भाजपा सुपर चुनाव आयोग बन गयी है क्योंकि उन्होंने चुनाव आयोग से पहले ही चुनाव तारीखों की घोषणा कर दी। उन्होंने कहा 'चुनाव आयोग की साख दांव पर है।

सुरजेवाला ने कहा, 'क्या अब चुनाव आयोग भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को नोटिस जारी करेगी और भाजपा के आईटी प्रमुख के खिलाफ गोपनीय सूचना लीक कराने के मामले में प्राथमिकी दर्ज करवा पायेगी। उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, 'क्या संवैधानिक संस्थाओं का डाटा भी भाजपा चुरा रही है। मालवीय का ट्वीट उस समय आया जब मुख्य चुनाव आयुक्त ओ पी रावत कर्नाटक विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर रहे थे। मालवीय ने कहा कि उन्होंने तारीखों की घोषणा नहीं की बल्कि एक समाचार चैनल का हवाला दिया था।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।