BJP स्थापना दिवस पर अमित शाह बोले- बीजेपी कभी आरक्षण खत्म नहीं होने देगी
(DELHI, DELHI) भारतीय जनता पार्टी का आज शुक्रवार 38वां स्थापना दिवस है। मुंबई में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने कहा हमारी पार्टी 10 सदस्यों से शुरू हुई और आज हमारे 11 करोड़ से ज़्यादा सदस्य हैं कभी हमें हम दो-हमारे दो के ताने दिए जाते थे और आज हमारी पूर्ण बहुमत की सरकार है। आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि बीजेपी कभी आरक्षण खत्म नहीं होने देगी और विपक्षी पार्टियों को भी ऐसा नहीं करने देगी।

शाह ने अपने भाषण के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा राहुल बाबा हमसे चार साल का हिसाब पूछ रहे हैं और देश की जनता उन से चार पीढ़ी का हिसाब मांग रही है।
आपको बता दें कि केंद्र के अलावा बीजेपी की 21 राज्यों में सरकार है। इस वजह से कार्यकर्ताओं में भी स्थापना दिवस के मौके पर काफी उत्साह नजर आ रहा है। वहीं प्रधानमंत्री ने भी ट्वीट के जरिए सभी बीजेपी कार्यकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि बीजेपी भारत को बदलने का प्रयास जारी रखेगी। इसके साथ उन्होंने एक वीडियो भी ट्वीट किया है।
गौरतलब है कि देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भारतीय जनता पार्टी का गठन 6 अप्रैल 1980 को हुआ। तीन बार प्रधानमंत्री रहे अटल बिहारी वाजपेयी पार्टी के पहले अध्यक्ष थे। भाजपा 1951 में श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा स्थापित भारतीय जनसंघ का ही नया रूप है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।