मोदी और चिनफिंग के बीच डोकलाम पर नहीं हुई चर्चा : विदेश मंत्रालय
(International) पीएम मोदी का दो दिवसीय चीन दौरा भले ही अनौपचारिक कहा जा रहा हो, लेकिन इस दौरान चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ उनकी गंगा सफाई समेत कई अहम मुद्दों पर बात हुई है। पीएम मोदी की चीन यात्रा को लेकर विदेश सचिव विजय गोखले ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानाकारी देते हुए कहा कि इस दौरान गंगा सफाई से लेकर व्यापार संतुलन तक कई अहम मुद्दों पर बात हुई है। गोखले ने कहा, 'मीटिंग में दोनों नेताओं के बीच सीमा पर तनाव को कम करने को लेकर सहमति दिखी और दोनों ने कहा कि वे अपनी सेनाओं को स्ट्रैटेजिक गाइडेंस देंगे।' पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए विदेश मंत्रालय ने बताया कि इस दौरान चीन के बेल्ट ऐंड रोड प्रॉजेक्ट और डोकलाम को लेकर सीधे तौर पर कोई बात नहीं हुई। बता दें कि चीन के बेल्ड ऐंड रोड प्रॉजेक्ट के तहत बन रहा चाइना-पाकिस्तान इकॉनमिक कॉरिडोर भारत के जम्मू-कश्मीर राज्य के पाक के कब्जे वाले हिस्से से होकर गुजरता है। इसे लेकर भारत को आपत्ति रही है। शुक्रवार को वुहान में दोनों नेताओं के बीच हुई मीटिंग में शांतिपूर्ण, स्थिर और बेहतर आर्थिक संबंधों को बनाए रखने पर भी बात हुई। इस दौरान द्विपक्षीय और वैश्विक संबंधों से जुड़े कई अहम मसलों पर भी बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने माना कि भारत और चीन में दुनिया की कुल 40 फीसदी आबादी रहती है। ऐसे में दोनों देशों का साथ चलना जरूरी है। चिनफिंग और मोदी ने सेनाओं के बीच बेहतर संवाद की भी जरूरत बताई।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।