कांग्रेस मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा:एक दिन के सीएम हैं येदियुरप्पा, बहुमत साबित करने के लिए संख्याबल नहीं
(DELHI, DELHI) कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि बीएस येदियुरप्पा एक दिन के मुख्यमंत्री हैं और उनके पास बहुमत साबित करने के लिए संख्याबल नहीं है। कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला पर निशाना साधते हुए कांग्रेस ने कहा राज्यपाल ने बीजेपी को सरकार के गठन के लिए आमंत्रित कर और येदियुरप्पा को शपथ लेने की मंजूरी देकर दो बार संविधान की मुठभेड़ में हत्या की।
कांग्रेस ने राज्यपाल द्वारा संविधान का एनकाउंटर किए जाने के विरोध में कल पूरे देश में 'प्रजातंत्र बचाओ दिवस' मनाया जाएगा। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा येदियुरप्पा एक दिन के मुख्यमंत्री साबित होंगे। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि येदियुरप्पा द्वारा राज्यपाल को दिया गया पत्र कल साढ़े 10 बजे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाए। येद्दियुरप्पा सिर्फ 104 विधायकों के समर्थन से सरकार बनाने का दावा कैसे कर सकते हैं।
सुरजेवाला ने आरोप लगाया राज्यपाल ने पहले सरकार बनाने का आमंत्रण दिया तो संविधान का एनकाउंटर शुरू किया था और आज एक अल्पमत वाली पार्टी के नेता को शपथ दिलाकर एनकाउंटर पूरा कर दिया।

उन्होंने कहा कि हम नरेंद्र मोदी अमित शाह और येद्दियुरप्पा को चुनौती देते हैं कि आप कल ही विधानसभा में बहुमत साबित करिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने फैसला किया है कि कल पार्टी 'प्रजातंत्र बचाओ दिवस' मनाएगी। सभी जिला मुख्यालयों और राज्य मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। जनता को बताया जाएगा कि कर्नाटक में किस तरह से सत्ता के लालच में लोकतंत्र की हत्या की गई है।
सुरजेवाला ने कहा कि इस देश में एक संविधान और एक ही कानून होगा। अगर सबसे बड़ी पार्टी का तर्क भाजपा के लोग दे रहे हैं तो सबसे पहले बिहार गोवा और मणिपुर की सरकारों को इस्तीफा दे देना चाहिए। येद्दियुरप्पा को आज राज्यपाल ने मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। कल रात उच्चतम न्यायालय ने येद्दियुरप्पा के शपथ ग्रहण पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था।

राज्यपाल वजुभाई वाला ने कल येद्दियुरप्पा को सरकार बनाने का न्यौता दिया था। इसके बाद रात में ही कांग्रेस ने शीर्ष अदालत का दरवाजा खटखटाया था। गौरतलब है कि राज्य में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। ऐसे में प्रदेश की 224 सदस्यीय विधानसभा में 222 सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा को 104 कांग्रेस को 78 और जद(एस) को 38 सीटें मिली हैं। फिलहाल बहुमत के लिए जादुई आंकड़ा 112 है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।