Triple Talaq Bill: राज्यसभा में आज फिर सरकार करेगी बिल लाने की कोशिश, विपक्ष एकजुट
(India)
Publish Date:Wed, 02 Jan 2019 10:00 AM (IST)

Triple Talaq Bill: राज्यसभा में आज फिर सरकार करेगी बिल लाने की कोशिश, विपक्ष एकजुट
मुस्लिमों में एक बार में तीन तलाक की प्रथा को अपराध की श्रेणी में लाने वाला विधेयक बुधवार को फिर से राज्यसभा में पेश किया जा सकता है।
नई दिल्ली, जेएनएन। मुस्लिमों में एक बार में तीन तलाक की प्रथा को अपराध की श्रेणी में लाने वाला विधेयक बुधवार को फिर से राज्यसभा में पेश किया जा सकता है। गौरतलब है कि इससे पहले सोमवार को सदन में हंगामे के चलते सरकार इस बिल को ऊपरी सदन में नहीं पेश कर पाई थी।

तीन तलाक बिल में संशोधन की मांग करते हुए एकजुट विपक्ष इसे सिलेक्ट कमिटी को भेजने पर अडिग है। वहीं एनडीए सरकार लोकसभा से पारित बिल में बदलाव के लिए तैयार नहीं है। ऐसे में सरकार आज फिर बिल पेश करने की कोशिश करेगी मगर 13 दलों की बिल को सिलेक्ट कमिटी में भेजने के प्रस्ताव को देखते हुए राज्यसभा में पारित होने की गुंजाइश कम ही है। विपक्ष के रुख को सरकार ने बिल पारित कराने में अड़ंगा करार दिया है।
सरकार इस बिल को मौजूदा स्वरूप में ही पारित करना चाहती है। केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद का कहना है कि विपक्ष का कोई सुझाव है तो सरकार चर्चा के लिए तैयार है मगर इंसानियत के नाते इस बिल को पारित किया जाना चाहिए। वे विपक्ष पर इस बिल को लेकर राजनीति करने का आरोप भी लगाते हैं। उधर, विपक्ष इस बिल में कुछ संशोधनों की मांग पर अड़ा हुआ है। कांग्रेस के आनंद शर्मा इस बिल के जरिये उल्टा सरकार पर राजनीति का आरोप लगाते हैं। शर्मा कहते हैं कि कांग्रेस बिल का विरोध नहीं कर रही मगर राज्यसभा कोई रबर स्टांप नहीं है। यदि लोकसभा ने खामियों पर चर्चा नहीं की तो यह सदन भी उसी राह पर चले जरूरी नहीं। शर्मा के मुताबिक इस बिल में जो खामियां हैं उन पर चर्चा होनी चाहिए और इस बिल को फिलहाल, सेलेक्ट कमेटी को भेजा जाना चाहिए। कांग्रेस की इस मांग को अन्य विपक्षी पार्टियों का भी पूरा समर्थन मिल रहा है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।