(India)
पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी से समूचा उत्तरी भारत शीत लहर की चपेट में आ गया है। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में भारी बर्फबारी के कारण शनिवार को माता वैष्णो देवी मंदिर के लिए हेलिकॉप्टर और केबल कार सेवा बंद कर दी गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश में भी बर्फबारी जारी है। राज्य के केलांग में 20 सेमी बर्फ गिरी है। उधर, पंजाब और हरियाणा में भी ठंड का प्रकोप जारी है। जम्मू-कश्मीर में रविवार सुबह के न्यूनतम तापमान में भले ही ज्यादा गिरावट दर्ज नहीं की गई है लेकिन श्रीनगर और अन्य कस्बों में लोग फिसलन भरी सड़कों के कारण आवाजाही से बच रहे हैं। मौसम विभाग ने रविवार से 10 जनवरी तक मौसम में सुधार का अनुमान जताया है। राज्य में शहर और कस्बों में सड़कों पर यातायात नहीं दिखाई दे रहा। रविवार को श्रीनगर शहर का न्यूनतम तापमान शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे, पहलगाम का शून्य से 7.9 डिग्री नीचे और गुलमर्ग का शून्य से 9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लेह शहर का न्यूनतम तापमान शून्य से 10.3 डिग्री नीचे और कारगिल का न्यूनतम तापमान शून्य से 18.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया, जो रात का सबसे कम तापमान रहा।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।