प्रिंस मोहम्मद का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत, पीएम मोदी के साथ होगी द्विपक्षीय वार्ता
(DELHI, DELHI) सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान का बुधवार को राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने सऊदी अरब से भारत के रिश्तों की खास अहमियत का संकेत देते हुए सउदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान का पालम एयरपोर्ट पर पहुंचकर अगवानी की थी। पीएम मोदी प्रोटोकॉल तोड़कर एयरपोर्ट पहुंचे और गर्मजोशी से क्राउन प्रिंस का स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच बुधवार को शीर्ष स्तरीय द्विपक्षीय वार्ता होगी। सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस की भारत यात्रा ऐसे समय पर हो रही है जब पाकिस्तान प्रायोजित पुलवामा हमले को लेकर भारत में रोष है। क्राउन प्रिंस पाकिस्तान की यात्रा के बाद यहां आ रहे हैं।
माना जा रहा है कि भारत सऊदी अरब के सामने पुलवामा हमले सहित पाक की जमीन में पोषित हो रहे आतंकवाद का मामला उठाएगा। सऊदी अरब से पाकिस्तान को दी जाने वाली मदद में कटौती का अनुरोध भी भारत कर सकता है। आतंकवाद पर कठोर साझा संदेश जारी करने की उम्मीद भी जाहिर की जा रही है। मसूद अजहर व जैश ए मोहम्मद पर कार्रवाई को लेकर भी भारत कठोर संदेश देने के लिए सऊदी अरब से बात कर सकता है।
सूत्रों का कहना है कि भारत को पुलवामा हमले के बाद दुनिया भर से समर्थन मिल रहा है। कई देशों पर पाकिस्तान पर दबाव बनाना शुरू किया है। भारत चाहता है कि उन देशों से भी पाकिस्तान पर दबाव बढ़े जिन्हें पाकिस्तान अपना नजदीकी मानता है। मुस्लिम देशों से भी पाक प्रायोजित आतंकवाद को लेकर पाक पर दबाव बढ़ाने की कोशिश भारत की ओर से की जा रही है।
सूत्रों ने कहा कि सऊदी क्राउन प्रिंस की भारत यात्रा बेहद अहम होगी। दोनों देशों के बीच कई अहम समझौतों पर दस्तखत किए जाएंगे। व्यापारिक, रणनीतिक व सामरिक लिहाज से अहम संदेश देने वाले समझौतों पर दोनों देश मुहर लगाएंगे। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज उनसे मुलाकात करेंगी। उसके बाद प्रधानमंत्री मोदी के साथ क्राउन प्रिंस की बातचीत होगी। क्राउन प्रिंस का राष्ट्रपति भवन में पारंपरिक तरीके भव्य स्वागत भी किया जाएगा।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।