पुलवामा आतंकी हमले के बाद डेमोक्रेटिक राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार तुलसी गबार्ड ने कहा, भारत-पाक के मधुर रिश्‍तों में रोड़ा बने आतंकी संगठन
(India) पुलवामा आतंकी हमले के बाद डेमोक्रेटिक राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार तुलसी गबार्ड ने कहा है पाकिस्तानी नेताओं के लिए चरमपंथियों के खिलाफ सख्‍त फैसला लेने का सही वक्‍त है। तुलसी ने कहा आतंकवादियों का सुरक्षित पनाहगार होने के चलते पाकिस्‍तान-भारत के बीच तनाव पैदा हो रहा है। उन्‍होंने कहा कि जब तक पाकिस्तान आतंकवादियों को पनाह देता रहेगा तब तक दोनों देशों के बीच तनाव कायम रहेगा।

बता दें 14 फरवरी को कश्‍मीर के पुलवामा आतंकी घटना में पाकिस्‍तान स्थित आतंकवादी संगठन जैश ए मुहम्‍मद ने जिम्‍मेदारी ली थी। इस हमले में 40 सुरक्षा बल के जवान मारे गए थे। इस घटना के बाद भारत ने पाकिस्‍तान के बालाकोट में जैश के सबसे बड़े प्रशिक्षण शिविर पर हवाई हमले किए। भारतीय वायु सेना के इस ऑपरेशन में जैश के कई आतंकवादी, प्रशिक्षक, वरिष्ठ कमांडर और जिहादी मारे गए हैं।

तुलसी ने कहा कि पाकिस्तान के नेताओं के लिए चरमपंथियों और आतंकवादियों के खिलाफ खड़े होने का सही समय आ गया है। कांग्रेसी नेता टेड योहो ने भी पाकिस्तान से आतंकवादी समूहों के खिलाफ सार्थक कदम उठाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी कांग्रेस भारत-प्रशांत क्षेत्र में दोनों देशों के बीच उपजे तनाव पर पैनी नजर बनाए हुए है। योहो ने कहा कि इस दक्षिण एशियाई क्षेत्र में परमाणु हथियारों से लैस दोनों देशों के बीच जारी संघर्ष चिंताजनक है। खास बात यह है कि योहो का बयान ऐसे समय आया है जब चीन ने भारत-पाकिस्‍तान को परमाणु संपन्‍न देश मानने से इंकार कर दिया है। योहो ने कहा कि मैं पाकिस्तान से आग्रह करता हूं कि वह अपने देश के भीतर आतंकी संगठनों को खत्‍म करें। इसके साथ भारत-पाक आपसी मतभेदों को वार्ता के जरिए हल करें।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।