(India)
समाजवादी पार्टी ने अपने चुनावी अभियान को तेज करते हुए 40 स्टार प्रचारकों का ऐलान किया है और दो अहम सीटों पर कैंडिडेट भी घोषित कर दिए हैं। पिछले चुनाव में मुलायम सिंह यादव की सीट रही आजमगढ़ से अब उनके पुत्र और पार्टी अध्यक्ष अखिलेश चुनाव में उतरेंगे, जबकि रामपुर से पार्टी के सबसे बड़े मुस्लिम चेहरे आजम खान लड़ेंगे। हालांकि स्टार प्रचारकों में पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का नाम शामिल न होना हैरान करता है। स्टार प्रचारकों की सूची में अखिलेश यादव, डिंपल यादव, आजम खान, जया बच्चन और राम गोपाल यादव समेत कई अन्य नेताओं के नाम भी शामिल हैं, लेकिन मुलायम सिंह यादव का नाम नदारद है। समाजवादी पार्टी की तरफ से जारी उम्मीदवारों की नई सूची में सिर्फ दो नाम शामिल हैं। इसमें अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान का नाम है। मुलायम सिंह यादव के मैनपुरी से चुनाव लड़ने का ऐलान पार्टी पहले ही कर चुकी है। अखिलेश की सीट को लेकर इस बार शुरू से ही सियासी गलियारों में अलग-अलग अटकलें थीं। हालांकि पिछले दिनों एक टीवी चैनल से बातचीत में अखिलेश ने खुद संकेत दिया था कि वह आजमगढ़ की सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। रविवार को अब आधिकारिक रूप से एसपी ने इसकी घोषणा कर दी है।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।