(India)
मशहूर हरियाणवी डांसर सपना चौधरी ने रविवार को इस बात का खंडन किया कि वह कांग्रेस में शामिल हुई हैं। दूसरी तरफ, कांग्रेस ने उनके सदस्यता फॉर्म को जारी करते हुए बताया कि एक दिन पहले न सिर्फ सपना बल्कि उनकी बहन ने भी कांग्रेस की सदस्यता ली थी। एक दिन पहले ही, शनिवार रात को यूपी कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर ने सपना की प्रियंका गांधी गाड्रा के साथ तस्वीर ट्वीट करते हुए उनका कांग्रेस में स्वागत किया था। अगले ही दिन, जब सपना ने प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ वाली अपनी तस्वीर को पुरानी बताते हुए खुद के कांग्रेस में शामिल होने का खंडन किया तो पार्टी ने किरकिरी से बचने के लिए सपना के हस्ताक्षर वाला सदस्यता फॉर्म जारी किया। यूपी कांग्रेस के सचिव नरेंद्र राठी ने सपना के साथ अपनी एक तस्वीर को शेयर करते हुए बताया कि हरियाणवी डांसर ने कांग्रेस की सदस्यता फॉर्म भरकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। तस्वीर में सपना चौधरी कागज पर कुछ लिखती हुईं दिख रही हैं। राठी ने सपना के सदस्यता फॉर्म को भी दिखाया, जिस पर उनकी तस्वीर और दस्तखत हैं और जिसके मुताबिक वह 5 रुपये का सदस्यता शुल्क देकर 23 मार्च को कांग्रेस में शामिल हुईं।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।