कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह बोले- मैं कन्हैया कुमार का समर्थक
(India) मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा है कि वह युवा नेता और बेगूसराय से सीपीआई के प्रत्याशी कन्हैया कुमार के समर्थक हैं। यही नहीं दिग्विजय ने यह भी कहा कि उन्होंने अपनी पार्टी में भी इस बात को कहा है कि आरजेडी ने बहुत बड़ी गलती (बेगूसराय से उम्मीदवार उतारकर) की है। इस दौरान सिंह ने दावा किया कि उन्होंने इस सीट को महागठबंधन की तरफ से सीपीआई के खाते में देने की अपनी तरफ से पूरी कोशिश भी की थी। बिहार में जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष और युवा नेता कन्हैया कुमार बेगूसराय से चुनावी मैदान में हैं। कन्हैया के सामने बीजेपी की तरफ से फायर ब्रैंड नेता गिरिराज सिंह हैं। शुरू में यह चर्चा थी कि इस सीट पर महागठबंधन किसी उम्मीदवार को नहीं उतारकर कन्हैया को मौका देगा लेकिन बाद में आरजेडी ने इस सीट पर तनवीर हसन को उतारकर मुकाबला त्रिकोणीय कर दिया। दिग्विजय सिंह ने माना कि आरजेडी ने इस सीट पर उम्मीदवार उतारकर गलती की है। दिग्विजय ने कहा, 'मैं कन्हैया कुमार का समर्थक हूं और मैंने अपनी पार्टी में भी इस बात को कहा कि आरजेडी ने बहुत बड़ी गलती की है। मैंने कोशिश कि यह बात रखने के लिए कि यह सीट सीपीआई को दे दें। हालांकि मुझे इस बात की खुशी है कि 8 और 9 मई को वह प्रचार करने के लिए भोपाल आ रहा है।'

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।