हिमाचल में भाजपा के मिशन रिपीट को कामयाब करेगी AAP? कैसे कांग्रेस को लगेगा झटका
(India) Aam Aadmi Party in Himachal: पंजाब में बंपर जीत हासिल करने के बाद से आम आदमी पार्टी की महत्वाकांक्षाएं बढ़ गई हैं। उसकी ओर से फिलहाल गुजरात और हिमाचल प्रदेश पर फोकस किया जा रहा है। दोनों ही राज्यों में इसी साल नवंबर में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। खासतौर पर हिमाचल को लेकर आम आदमी पार्टी काफी उत्साहित है क्योंकि यह पंजाब से सटा हुआ सूबा है। यही नहीं सांस्कृतिक तौर पर हिमाचल का बड़ा क्षेत्र पंजाब के प्रभाव में रहा है। ऐसे में आम आदमी पार्टी इस राज्य में तीसरा विकल्प बनकर मजबूती से उभरने की तैयारी में है। यहां अब तक कांग्रेस और भाजपा ही बारी-बारी से शासन करती रही हैं।



हालांकि अहम सवाल यह है कि पंजाब के मैदानों में छाने वाली 'आप' हिमाचल के पहाड़ों पर कैसे सफलता की चढ़ाई चढ़ पाएगी। हिमाचल की राजनीति को समझने वाले कहते हैं कि अभी यहां आम आदमी पार्टी को इंतजार करना होगा, लेकिन पंजाब से सटे ऊना और कांगड़ा जैसे जिलों में जरूर उसका प्रभाव दिख सकता है। इसके अलावा बड़ी बात यह है कि आम आदमी पार्टी की एंट्री इस बार भाजपा के लिए वरदान जैसी हो सकती है। हर 5 साल में सत्ता परिवर्तन करने वाले हिमाचल में आप की एंट्री से भाजपा का मिशन रिपीट सफल हो सकता है। इसकी वजह यह है कि देश भर में आम आदमी पार्टी को कांग्रेस का ही वोट टूटकर मिलता रहा है। ऐसे में हिमाचल में भी ऐसा होने की प्रबल संभावना है और यह स्थिति भाजपा के लिए फलदायी होगी।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।