बिना इजाजत कैसे निकली शोभा यात्रा? ओवैसी ने  उठाए सवाल
(India) ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने हनुमान जयंती के दिन दिल्ली के जहांगीर पुरी इलाके में हुई हिंसा को लेकर दिल्ली पुलिस पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ओवैसी ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर के बयान का हवाला देते हुए कहा- सी ब्लॉक जहांगीरपुरी में बिना अनुमति के कैसे निकाली गई? बिना अनुमति के यात्रा निकाली गई और उसमें पिस्तौल और तलवार लहराई गई। इस दौरान दिल्ली पुलिस के जवान मूक दर्शक बनकर देखते रहे? आपने बिना अनुमति के शोभा यात्रा निकलने कैसे दी?

न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए ओवैसी ने कहा- शोभा यात्रा के दौरान हथियारों का प्रदर्शन क्यों किया गया? यात्रा के दौरान भड़काऊ नारे लगाए गए। भगवा झंडों को फहराने की कोशिश क्यों की गई? गौरतलब है राकेश अस्थाना से पूछा गया था कि जहांगीर पुरी मे क्या इसलिए दंगा भड़का क्योंकि कुछ लोगों ने मस्जिद पर भगवा झंडा लहराने की कोशिश की थी? जवाब में राकेश अस्थाना ने भगवा झंडे फहराए जाने की घटना को सिरे से खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा था किसी ने शोभा यात्रा के दौरान मस्जिद पर भगवा झंडा लहराने की कोशिश नहीं की।

जहांगीर पुरी में शनिवार को हनुमान जयंती के मौकै पर शोभा यात्रा के दौरान दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में 23 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। आरोपियों में से दो लोग पुलिस कस्टडी में हैं जबकि 12 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने जहांगीरपुरी हिंसा की हर एंगल से जांच के लिए 14 टीमों का गठन किया है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।