डोटासरा का आरएसएस पर हमला, कहा- दीमक की तरह समाज को खोखला कर रहा संघ
(India) कांग्रेस के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधते हुए बुधवार को आरोप लगाया कि वह समाज को खोखला कर रहा है। डोटासरा ने कहा कि संघ खुद को सांस्कृतिक व सामाजिक संस्था बताकर झूठे तथा भ्रामक तथ्य फैलाकर समाज को बांटने तथा भाई को भाई से लड़ाने का कार्य कर रहा है।

पार्टी द्वारा जारी बयान के मुताबिक डोटासरा ने कहा, 'आरएसएस समाज में छिपी हुई दीमक है जो जहर फैलाकर समाज को खोखला कर रहा है।' डोटासरा नागौर जिले के लाडनूं स्थित कुशलपुरा में एक सरकारी स्कूल के भवन के शिलान्यास समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर्दे के पीछे रहकर सत्ता का उपयोग करता है, इसलिये जवाबदेही से बचने हेतु सीधी राजनीति में भाग नहीं ले रहा है।

हर मोर्चे पर फेल हुई केन्द्र की भाजपा सरकार: डोटासरा
डोटासरा ने दावा किया कि केंद्र की भाजपा सरकार समस्त मोर्चों पर विफल हो गई है। उन्होंने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस के दामों में हो रही बेतहाशा बढ़ोतरी केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि एक तरफ केंद्र की भाजपा सरकार है जो जनता के हित में एक कार्य व उपलब्धि नहीं बता सकती, दूसरी ओर राजस्थान की कांग्रेस सरकार है जो लगातार जनहित में लोक कल्याणकारी फैसले ले रही है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।