रेप केस प्रकरण को लेकर घिरे गहलोत के मंत्री पर इस्तीफे का दबाव, आज कैबिनेट की बैठक में महेश जोशी के इस्तीफे पर चर्चा पर संभव
(India) बेटे पर रेप केस को लेकर घिरे राजस्थान के जलदाय मंत्री महेश जोशी की इस्तीफा देने की चर्चाएं सियासी गलियारों में तेज हो गई है। मंत्री महेश जोशी के करीबी नेताओं का कहना है कि महेश जोशी के इस्तीफा देने का कोई इरादा नहीं है, लेकिन सीएम गहलोत के संकेत पर इस्तीफा दे सकते हैं। इस बीच कांग्रेस विधायक दिव्या मदेरणा ने ट्वीट कर कहा कि पीड़िता को सुरक्षा मुहैया करानी चाहिए। सीएम गहलोत की अध्यक्षता में आज शाम 6 बजे मुख्यमंत्री आवास पर कैबिनेट की बैठक होगी। माना जा रहा है कि कैबिनेट की बैठक में मंत्री महेश जोशी के इस्तीफे की चर्चा हो सकती है। पूरे मामले में महेश जोशी सीएम गहलोत से मिलकर अपना पक्ष रख चुके हैं। माना जा रहा है कि सीएम गहलोत की प्रदेश प्रभारी अजय माकन से इस संबंध में बातचीत हुई है। दरअसल 13 से 15 मई तक उदयपुर में कांग्रेस का चिंतन शिविर होने जा रहा है। ऐसे में विपक्ष इस मुद्दे को उठाएगा तो सरकार और संगठन के लिए परेशानी का बड़ा मुद्दा बन सकता है।

उल्लेखनीय है कि सीएम गहलोत के दूसरे कार्यकाल 2008 से 2013 में 2 मंत्रियों पर पर रेप का केस दर्ज हुआ था। जिसकी वजह से मंत्री बाबूलाल नागर और महिपाल मदेरणा को इस्तीफा देना पड़ा था। महिपाल मदेरणा को भंवरी देवी हत्याकांड में मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। मंत्री बाबूलाल नागर पर भी एक महिला ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। जिसकी वजह से उन्हें मंत्री पद छोड़ना पड़ा था। जबकि मंत्री रामलाल जाट को एक महिला की मौत के मामले में इस्तीफा देना पड़ा था। इस बार मंत्री महेश जोशी के बेटे पर रेप का केस दर्ज हुआ है। फिलहाल पूरे मामले की जांच दिल्ली पुलिस कर रही है। माना जा रहा है कि दिल्ली पुलिस जल्द ही मंत्री महेश जोशी के बेटे रोहित जोशी को पूछताछ के लिए बुला सकती है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का कहना है कि दोषी पाए गए तो मंत्री महेश जोशी के बेटे के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।