गहलोत सरकार ने अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादलों से हटाई रोक, शिक्षकों के होंगे तबादले
(India) राजस्थान की गहलोत सरकार ने प्रदेश के विभिन्न सरकारी महकमों के अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों पर लगी रोक को तुरंत प्रभाव से आगामी आदेशों तक हटा दिया है। तबादलों को लेकर लंबे समय से रोक हटाने की मांग की जा रही थी। साथ ही शिक्षा विभाग में शिक्षकों के तबादलों को लेकर भी मांग की जा रही थी, लेकिन नई ट्रांसफर पॉलिसी के फेर में तबादलों से रोक हटाने को लेकर निर्णय नहीं हो पा रहा था। ऐसे में सरकार ने अब इस रोक को हटाते हुए आगामी आदेशों तक विभिन्न विभागों के अधिकारियों कर्मचारियों के तबादलों को लेकर छूट प्रदान की है। सरकार ने पिछले एक साल से तबादलों पर रोक लगी थी। राज्य के प्रशासनिक विभाग ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिए है।

उल्लेखनीय है कि तबादलों से रोक हटने के साथ ही बड़ी संख्या में अब शिक्षा विभाग के तबादले होंगे। ग्रीष्मकालीन अवकाश खत्म होने से पहले सरकार शिक्षा विभाग के तबादलों की लिस्ट जारी करेगी। हालांकि शिक्षा विभाग की तबादला नीति नहीं आने की वजह से पुरानी तबादला नीति के आधार पर ही फिलहाल तबादले होंगे। हाल ही में शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला ने कहा था कि जब तक शिक्षा विभाग की नई तबादला नीति नहीं आ जाती, तब तक पुरानी तबादला नीति के आधार पर ही शिक्षकों के तबादले होंगे। दरअसल राज्य सरकार ने करीब 1 साल पहले राजकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों पर रोक लगाई थी। इसके बाद से अति आवश्यक तबादलों पर उच्चस्तरीय अनुमति के बाद ही तबादले हो रहे थे। सरकार ने अब एक साल बाद इन तबादलों से पूर्णतया रोक हटा दी है। अब सभी विभागों के तबादले हो सकेंगे।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।