इंडोनेशिया में मस्जिद के भीतर सिलसिलेवार धमाके, स्कूल परिसर में मचा हड़कंप
(India) इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से बड़ी खबर सामने आई है। यहां एक सरकारी हाई स्कूल परिसर में बनी मस्जिद में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान सिलसिलेवार धमाकों से अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, कम से कम 54 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई छात्र भी शामिल हैं।
यह हादसा उत्तरी जकार्ता के केलापा गाडिंग इलाके में स्थित SMA 27 हाई स्कूल के परिसर में हुआ। बताया जा रहा है कि नमाज के दौरान जैसे ही खुत्बा शुरू हुआ, अचानक दो तेज धमाके हुए और मस्जिद के अंदर धुआं फैल गया। मौके पर मौजूद लोग डर के मारे चीखते-चिल्लाते बाहर भागने लगे।
पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। घायल लोगों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जकार्ता पुलिस प्रमुख एसेप ईदी सुहेरी ने बताया कि विस्फोट मस्जिद के लाउडस्पीकर के पास हुए, हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि धमाके की वजह क्या थी—तकनीकी खराबी, गैस रिसाव या किसी अन्य कारण से यह विस्फोट हुए हैं, इसकी जांच जारी है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और बम स्क्वाड टीम को मौके पर तैनात किया गया है। फिलहाल प्रशासन लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।