ग्रीनलैंड पर अमेरिका की नई चाल: ट्रंप का दूत नियुक्त, डेनमार्क ने जताई चिंता
(India) अमेरिका और डेनमार्क के बीच ग्रीनलैंड को लेकर एक बार फिर सियासी तनाव उभरता दिख रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग्रीनलैंड के लिए लुइसियाना के गवर्नर जेफ लैंड्री को विशेष दूत नियुक्त करने का एलान किया है। ट्रंप पहले भी ग्रीनलैंड को अमेरिका के नियंत्रण में लाने की इच्छा जता चुके हैं। यह नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब ग्रीनलैंड की रणनीतिक और खनिज संपन्नता को लेकर वैश्विक रुचि लगातार बढ़ रही है।
डेनमार्क सरकार ने इस कदम पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्री लार्स लोके रासमुसेन ने साफ कहा कि अमेरिका समेत सभी देशों को डेनमार्क की क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रीनलैंड भले ही अर्ध-स्वायत्त क्षेत्र हो, लेकिन वह डेनमार्क का हिस्सा है। इससे पहले भी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के ग्रीनलैंड दौरे और अमेरिकी गतिविधियों को लेकर कोपेनहेगन नाराजगी जता चुका है।
ट्रंप ने विशेष दूत की नियुक्ति का बचाव करते हुए कहा कि ग्रीनलैंड अमेरिका और उसके सहयोगियों की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बेहद अहम है। वहीं, जेफ लैंड्री ने सोशल मीडिया पर बयान देकर कहा कि ग्रीनलैंड को अमेरिका का हिस्सा बनाने की दिशा में काम करना उनके लिए सम्मान की बात है। इस पूरे घटनाक्रम ने संकेत दे दिए हैं कि आने वाले दिनों में ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिका और डेनमार्क के रिश्तों में और तल्खी आ सकती है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।