कट्टरपंथियों के निशाने पर ग्लोबल टीवी की न्यूज हेड, 48 घंटे में नौकरी से हटाने की चेतावनी
(India) बांग्लादेश में मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के दौर में कट्टरपंथी तत्वों के हौसले बढ़ते नजर आ रहे हैं। देश में अराजकता और हिंसा के बीच अब स्वतंत्र मीडिया संस्थानों को खुलेआम धमकियां दी जा रही हैं। जो पत्रकार मौजूदा हालात या कट्टरपंथी हिंसा के खिलाफ आवाज उठाते हैं, उन्हें सीधे निशाना बनाया जा रहा है। इसी कड़ी में बांग्लादेश की वरिष्ठ पत्रकार नाजनीन मुन्नी कट्टरपंथियों के रडार पर आ गई हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 21 दिसंबर को युवाओं का एक समूह ढाका स्थित ग्लोबल टीवी के दफ्तर पहुंचा और चैनल के एमडी अहमद हुसैन से मुलाकात की। इन लोगों ने खुद को एंटी डिस्क्रिमिनेशन स्टूडेंट मूवमेंट का सदस्य बताया और मांग की कि ग्लोबल टीवी की न्यूज हेड नाजनीन मुन्नी को तुरंत नौकरी से निकाला जाए। समूह ने धमकी दी कि अगर 48 घंटे के भीतर ऐसा नहीं हुआ तो चैनल के दफ्तर को आग लगा दी जाएगी।
धमकी देने वालों ने दावा किया कि वे पहले भी प्रोथोम अलो और द डेली स्टार जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के कार्यालयों को निशाना बना चुके हैं। गौरतलब है कि छात्र नेता उस्मान हादी की मौत के बाद देश में बड़े पैमाने पर हिंसा भड़की थी, जिसमें कई मीडिया दफ्तरों और इमारतों को आग के हवाले कर दिया गया था। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की घटनाएं बांग्लादेश में लोकतंत्र और प्रेस की स्वतंत्रता के लिए गंभीर खतरे का संकेत हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।