अब आपका पैसा फिर से होगा 100 महीने में डबल
(India) इस बचत योजना में निवेश किया गया धन आठ साल और चार महीने में दोगुना हो जाएगा। इसे दोबारा शुरू करने की मांग लंबे समय से हो रही थी। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने किसान विकास पत्र को नए सिरे से लॉन्च किया। यह 1 हजार रुपये, 5 हजार रुपये, 10 हजार रुपये व 50 हजार रुपये में उपलब्ध होगा। इसमें निवेश की कोई ऊपरी सीमा नहीं है। इस बार ढाई साल बाद पैसे वापस पाने का विकल्‍प भी दिया गया है। इस बार लॉन्च किसान विकास पत्र की खासियत यह होगी कि अगर निवेशक चाहे तो इसे दो साल और छह महीने के लॉक इन पीरियड के बाद भुना सकेगा। इसके बाद इसे हर छह महीने की अवधि के बाद पूर्व निश्चित मैच्योरिटी वैल्यू पर भुनाया जा सकेगा। शुरुआत में किसान विकास पत्र बिक्री के लिए पोस्ट ऑफिसों में उपलब्ध होंगे, लेकिन जल्दी ही इन्हें सरकारी बैंकों की चुनिंदा शाखाओं के जरिए भी लोगों को उपलब्ध कराया जाएगा। वित्त मंत्रालय ने कहा कि यह न सिर्फ छोटे निवेशकों के लिए निवेश का सुरक्षित विकल्प होगा, बल्कि इसके जरिये देश में बचत दर बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। किसान विकास पत्र से छोटे निवेशक धोखाधड़ी वाली योजनाओं से भी बच सकेंगे। इस योजना के तहत जुटाई गई राशि सरकार के पास रहेगी जिसका इस्तेमाल केंद्र और राज्यों की विकास योजनाओं में किया जाएगा। गौर हो कि किसान विकास पत्र योजना अप्रैल, 1988 में शुरू की गई थी। उस समय इस योजना में किया गया निवेश 5.5 साल में दोगुना हुआ करता था। नवंबर, 2011 में इस योजना को बंद कर दिया गया था।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।