इन चुनावों में कुल 85 लाख 7 हजार 306 मतदाता, 6,926 उम्मीदवारों में से जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों का चयन करेंगे। मुख्य मुकाबला कांग्रेस और बीजेपी के बीच माना जा रहा है, जबकि कई क्षेत्रों में RLP, BAP और निर्दलीय उम्मीदवार भी प्रभावशाली हैं।
डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा ने परिवार के साथ डाला वोट
डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने पत्नी नारायणी देवी, बेटे चिन्मय कुमार (आशु) और बेटी पूजा के साथ जयपुर की मौजमाबाद पंचायत समिति के श्रीनिवासपुरा गांव में बूथ संख्या 92 पर मतदान किया। वोट डालने के बाद उन्होंने सेल्फी पॉइंट पर फोटो भी क्लिक करवाई।
पाली में दो गांवों में मतदान का बहिष्कार
पाली जिले की रानी पंचायत समिति के डूठारिया गांव और सोजत के नेपावास गांव में ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया। सोजत पंचायत समिति के वार्ड-3 के बूथ पर भी ग्रामीण मतदान से दूर रहे।
बताया गया कि ग्रामीण पहले वार्ड-1 में शामिल थे, लेकिन बाद में उन्हें वार्ड-3 में कर दिया गया। इस बदलाव से नाराज ग्रामीणों को प्रशासन समझाने का प्रयास कर रहा है।
वहीं, बगड़ी नगर पंचायत के मतदान केंद्र संख्या 2 पर EVM में तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद रिटर्निंग ऑफिसर भागीरथ चौधरी ने दूसरी EVM मंगवाई, जिसके बाद मतदान शुरू हुआ। इस प्रक्रिया के चलते वोटिंग करीब एक घंटे की देरी से शुरू हुई।
जोधपुर में OBC आरक्षण को लेकर विरोध
जोधपुर के शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मंगलसिंह नगर में ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार का ऐलान किया है। ग्रामीण सरपंच पद OBC वर्ग के लिए आरक्षित किए जाने से नाराज हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, पंचायत में कुल 1,052 मतदाता हैं और OBC वर्ग का एक भी मतदाता नहीं है। इसके बावजूद सरपंच पद OBC वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। मामले को लेकर तहसीलदार, SDM विक्रांत शर्मा और विधायक बाबूसिंह राठौड़ मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
सांगोद में 15 मिनट तक रुकी वोटिंग
सांगोद पंचायत समिति के कुराड़िया खुर्द मतदान केंद्र पर EVM में खराबी आ गई। इसके कारण करीब 15 मिनट तक मतदान रोकना पड़ा। मशीन बदलने के बाद वोटिंग दोबारा शुरू कर दी गई।
बीकानेर में वोटर की तबीयत बिगड़ी
बीकानेर की आडूरी ग्राम पंचायत के बूथ संख्या 19 पर लाइन में खड़ी एक महिला मतदाता की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह गिर गई।
बाड़मेर में कांग्रेस प्रत्याशी की मौत के बाद नोटिस
बाड़मेर की मांगता पंचायत समिति के वार्ड-8 के कांग्रेस प्रत्याशी की मौत के बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने पोलिंग बूथ पर सार्वजनिक सूचना चस्पा की। नोटिस के अनुसार, प्रत्याशी की मौत के कारण EVM में उनका नाम और चुनाव चिह्न मास्क यानी बंद कर दिया गया है।
कई जगहों पर मतदान की प्रक्रिया प्रभावित
पहले चरण के मतदान के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों से बहिष्कार, तकनीकी खराबी और प्रशासनिक समझाइश की खबरें सामने आई हैं। चुनाव में बड़ी संख्या में मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चयन कर रहे हैं, जबकि स्थानीय मुद्दों और आरक्षण को लेकर कुछ गांवों में विरोध भी देखने को मिल रहा है।
Digital Desk: Prashant Kumar Singh
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।