अब बिना इंटरनेट भेज सकेंगे पैसे
(India)


नोटबंदी के बाद देश में नकदी रहित लेन-देन को बढ़ाने के लिए सरकार के साथ बैंक भी तेजी से काम कर रहे हैं। इसके लिए एसबीआई जल्द ही बिना इंटरनेट के फीचर फोन पर चलने वाला वॉलेट लाने की तैयारी कर रहा है। नोटबंदी के बाद देश में नकदी रहित लेन-देन की सफलता के लिए बिना इंटरनेट वाले बेसिक फोन पर मोबाइल बैंकिंग एक बड़ी कामयाबी होगी। देश में 90 करोड़ मोबाइल फोन मौजूद हैं, लेकिन इसमें 60 से 65 करोड़ बेसिक फीचर फोन हैं, जबिक शेष स्मार्टफोन हैं। इन बेसिक हैंडसेट से बैंकिंग की शुरुआत से नकदी रहित लेन-देन तेज हो सकेगा। यह चैनल बैंकिंग के लिए बैंकिंग संदेश पहुंचाने का काम करता है। जिसके बाद ही मोबाइल से बैंकिंग संभव है। दरअसल अभी यूएसएसडी (अनस्ट्रक्चर्ड सप्लीमेंटरी सर्विस डाटा) चैनल के जरिए भी मोबाइल बैंकिंग कर सकते हैं, लेकिन इसका विस्तार कर इसे बेसिक फीचर फोन के लिए तैयार किया जा रहा है। स्टेट बैंक की चेयरपर्सन अरुंधति भट्टाचार्य ने कहा कि 15 दिसंबर तक वॉलेट आएगा। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक लेन-देन का आधार तेजी से बढ़ेगा। हालांकि वॉलेट का नाम तय नहीं है। 13 भाषाओं में स्टेट बैंक का बडी वॉलेट उपलब्ध है। 60-65 करोड़ फीचर फोन हैं, जिनपर इंटरनेट नहीं चल सकता। इसलिए ये योजना काफी कारगर साबित होगी।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।