केंद्रीय एजेंसी द्वारा जारी नए समन के बाद वीणा सुबह करीब साढ़े 10 बजे कोच्चि स्थित ईडी कार्यालय पहुंचीं। इस दौरान कार्यालय के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और भारी पुलिस बल तैनात रहा। वीणा बिना किसी टिप्पणी के सीधे ईडी कार्यालय के अंदर चली गईं।
इससे पहले ईडी ने उन्हें 12 जून को पेश होने के लिए बुलाया था, लेकिन उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपस्थित होने में असमर्थता जताई थी। एजेंसी ने उन्हें एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज साथ लाने के निर्देश दिए थे।
ईडी ने इस मामले में मंगलवार को सीएमआरएल के संस्थापक शशिधरन कार्था के बेटे और पत्नी से पूछताछ की थी। वहीं, सोमवार को उनकी बेटी से भी पूछताछ की गई थी।
जांच एजेंसी के अनुसार, सीएमआरएल ने एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को बिना किसी सेवा के बदले लगभग 2.78 करोड़ रुपये का भुगतान किया था। इसके अलावा, कार्था की एक अन्य कंपनी ‘एम्पॉवर इंडिया कैपिटल इन्वेस्टमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड’ ने एक्सालॉजिक को 50 लाख रुपये का ऋण भी दिया था, जिसका समय पर भुगतान नहीं किया गया।
ईडी का आरोप है कि इन वित्तीय लेन-देन के जरिए वीणा और सीएमआरएल प्रबंधन ने कथित तौर पर ‘अपराध की आय’ अर्जित की। इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने गंभीर धोखाधड़ी अन्वेषण कार्यालय (एसएफआईओ) द्वारा अप्रैल 2025 में दायर अभियोजन शिकायत के आधार पर धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मामला दर्ज किया है।
गौरतलब है कि सीएमआरएल कंपनी वर्ष 2019 में आयकर विभाग की छापेमारी के बाद केंद्रीय एजेंसियों के रडार पर आई थी। जांच के दौरान करीब 130 करोड़ रुपये के संदिग्ध खर्च और कथित वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया था, जिसकी जांच अब भी जारी है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।